मध्य प्रदेश में बढ़ रहा है डेंगू और वायरल का कहर, ग्वालियर में 1 हजार से ज्यादा बच्चे अस्पताल में भर्ती

इंदौर में 86 लोग हुए अब तक डेंगू का शिकार, गर्भवती महिला की हुई डेंगू से मौत, जबलपुर में रोजाना सामने आ रहे 20 से 22 मरीज

Publish: Sep 08, 2021, 04:53 AM IST

भोपाल। उत्तर प्रदेश के बाद अब डेंगू और वायरल ने मध्य प्रदेश में भी दस्तक दे दी है। मध्य प्रदेश में डेंगू और वायरल फीवर का कहर लगातार बढ़ रहा है। अकेले ग्वालियर में इस समय एक हजार से ज्यादा बच्चे अस्पतालों में भर्ती हैं। वहीं इंदौर में एक गर्भवती महिला की डेंगू के कारण मौत हुई है। जबलपुर में रोजाना 20 से 22 मरीज सामने आ रहे हैं। 

हिंदी के एक प्रमुख अख़बार की रिपोर्ट के मुताबिक ग्वालियर के अस्पतालों में इस समय 1 हजार से ज्यादा बच्चे भर्ती हैं। इनमें से लगभग 80 फीसदी बच्चे ऐसे हैं जो कि वायरल का शिकार हो रहे हैं। स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का आलम यह है कि शहर के कमलाराजा अस्पताल में 170 से अधिक बच्चे भर्ती हैं। यहां एक ही बेड पर तीन तीन बच्चों का इलाज किया जा रहा है।

दूसरी तरफ प्रदेश में डेंगू भी कहर बरपा रहा है। कुछ मरीजों में डेंगू के साथ साथ चिकनगुनिया के मामले भी देखने को मिल रहे हैं। राजधानी भोपाल में लगातार डेंगू के मरीज सामने आ रहे हैं। सोमवार को राजधानी में कम से कम 12 लोग डेंगू से पीड़ित पाए गए थे। वहीं आर्थिक राजधानी इंदौर में इस समय कम से कम 86 लोग डेंगू से पीड़ित हैं। इंदौर में एक गर्भवती महिला की डेंगू के कारण मौत भी हो चुकी है। 

यह भी पढ़ें : MP में तेजी से फैल रहा है डेंगू, भोपाल में सर्वाधिक मामले, इंदौर में भी हालत खराब, प्रशासन की चिंताएं बढ़ीं

जबलपुर में भी डेंगू के पांव पसारने की खबरें आ रही हैं। एक हिंदी वेब पोर्टल ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि जबलपुर में रोजाना 20 से 22 डेंगू के मरीज सामने आ रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक निजी अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीज भी काफी संख्या में हैं। लेकिन इन मरीजों के रिकॉर्ड की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के पास नहीं है। 

मध्य प्रदेश में डेंगू का खतरा मंडरा रहा है। ज्यादातर जगहों पर स्थिति यह है कि यहां घर में कोई न कोई व्यक्ति बीमार है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ विशेष तौर पर डेंगू की रोकथाम के लिए लागतार पानी के जमाव को रोकने की अपील कर रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर साफ पानी में ही जन्म लेता है।