अभिजीत दिपके के बाद नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, सेंट्रल पार्क के बाहर तिरंगा लेकर पहुंचे लोग

CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके, NCP-SCP के प्रवक्ता अनीश गवांडे के आवास से रवाना हुए तो एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हम आपको प्रिवेंटिव डिटेंशन में ले रहे हैं। कनॉट प्लेस में धारा 163 लागू है।

Updated: Oct 16, 2026, 06:42 PM IST

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने आज दिल्ली में 'लहरा दो तिरंगा' मुहिम के तहत युवाओं से बड़ी संख्या में घरों से निकलने और तिरंगा लहराने की अपील की। हालांकि, तिरंगा यात्रा से पहले ही पुलिस ने अभिजीत दीपके को हिरासत में ले लिया। साथ ही AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा को पुलिस मार्च में शामिल होने से पहले ही उठा ले गई।

CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके, NCP-SCP के प्रवक्ता अनीश गवांडे के आवास से रवाना हुए तो एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हम आपको प्रिवेंटिव डिटेंशन में ले रहे हैं। कनॉट प्लेस में धारा 163 लागू है। दीपके तिरंगा रैली में शामिल होने सेंट्रल पार्क जा रहे थे। कॉकरोच जनता पार्टी ने आरोप लगाया कि अभिजीत दीपके को केवल इसलिए हिरासत में लिया गया क्योंकि वह राष्ट्रीय ध्वज लेकर निर्धारित स्थान की ओर जा रहे थे।

कॉकरोच जनता पार्टी के अनुसार, यह कार्रवाई दिखाती है कि प्रशासन को किसी अव्यवस्था से नहीं, बल्कि आम नागरिकों के हाथों में तिरंगे की शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक ताकत से डर है। बता दें कि 6 दिनों में दीपके को दूसरी बार कस्टडी में लिया गया है। इससे पहले 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले दीपके को विमान से हिरासत में लिया गया था, अगले दिन छोड़ दिया गया।

नई दिल्ली जिले में BNSS की धारा 163 लागू है। यानी 4 या 4 से ज्यादा लोग इकट्ठा नहीं हो सकते हैं। इसके बावजूद कनॉट प्लेस इलाके में सेंट्रल पार्क के पास सीजेपी समर्थक जुटे हैं। उधर, आइसा प्रमुख नेहा बोरा को तिरंगा प्रदर्शन के दौरान मंडी हाउस में दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। वे बड़ी संख्या में युवाओं के साथ मंडी हाउस से कनॉट प्लेस की ओर बढ़ रहीं थीं। इस दौरान नेहा बोरा ने कहा कि ये हिन्दुस्तान को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने पुलिस से कहा कि हमें भले तिहाड़ भेज दीजिए लेकिन हम ये लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेंगे।