विकास सिर्फ नेताओं का हुआ है जनता का नहीं, बीजेपी विधायक ने ही विकास यात्रा पर उठाए सवाल

हमारा काम है सलाह देना। मैं भाजपा का एमएलए हूं। मैं उन्हें सच्ची सलाह देता हूं। यदि सच में संभलना है, तो गरीबों का शोषण बंद करना होगा: मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी

Updated: Feb 15, 2023, 02:04 PM IST

भोपाल। बीजेपी की विकास यात्रा में पहले विरोध सिर्फ जनता तक सीमित था लेकिन अब खुद पार्टी के नेता ही विकास की पोल खोलने लगे हैं। भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने कहा है कि यात्रा को देख लोग कहते हैं कि विकास सिर्फ नेताओं का हुआ है, जनता का कोई विकास नहीं हुआ।

दरअसल नारायण त्रिपाठी बुधवार को भोपाल के व्यापमं चौराहे पर लगी अर्जुनसिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे। यहां उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले यहां से गुजरा था। देखा कि ढाई साल बाद भी विंध्य के गौरव और पूर्व सीएम अर्जुनसिंह की प्रतिमा का अनावरण नहीं हो पाया है। उन्होंने मांग की है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रतिमा का जल्द अनावरण कराएं अन्यथा 4 मार्च को अर्जुन सिंह की पुण्यतिथि पर विंध्य के लोग खुद प्रतिमा का अनावरण कर देंगे। 

यह भी पढ़ें: विकास यात्रा में ब्राह्मण कार्यकर्ताओं को दी गाली, बीजेपी विधायक के सामने ज़िला मंत्री ने दिया बीजेपी से इस्तीफा

विकास यात्रा से जुड़े सवाल पर भाजपा विधायक ने कहा कि मैने यात्रा को हरी झंडी दिखा दी है, लेकिन मैं उसके परिणाम जानता हूं। आज ग्रामीण क्षेत्र और जिस जगह विकास यात्रा जाती है, वहां नेताओं से लोग कहते हैं कि विकास नेताओं का हुआ है। असल में भाजपा नेताओं से लोगों का विश्वास उठ गया है। लोगों का कहना है कि विकास सिर्फ कागजों में हुआ है। यही कारण है कि विकास यात्रा में किसी की रुचि नहीं है। विकास का आधार भी तो दिखना चाहिए। आज पढ़ाई और दवाई की अच्छी व्यवस्था तक नहीं है। 

त्रिपाठी ने आगे कहा, "मैंने पहले मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था फिर लिखूंगा। सुनें या न सुनें ये उनका काम है। हमारा काम है सलाह देना। मैं भाजपा का एमएलए हूं। मैं उन्हें सच्ची सलाह देता हूं। यदि सच में संभलना है, तो गरीबों का शोषण बंद करना होगा। सरकार विंध्य को उपेक्षित न रखे और विंध्य के बारे में सोचे।"