रायसेन में दो अलग अलग सड़क हादसों में हुई वाहन चालकों की मौत, बस पलटने से 4 यात्री भी घायल

रायसेन जिले में दो अलग अलग दुर्घटना में ट्रक चालक की मौत हो गई। वहीं 4 बस यात्री घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Updated: Feb 11, 2024, 12:51 PM IST

रायसेन। मध्यप्रदेश में तेज रफ्तार का कहर थम नहीं रहा है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण काफी सड़क दुर्घटनाए हो रही है। जिससे लोगों की असमय जान जा रही है। आज रायसेन जिले में दो अलग अलग दुर्घटना में ट्रक चालक की मौत हो गई। वहीं 4 बस यात्री घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पहली घटना में ट्राले को पीछे से टक्कर मारने से आयशर ट्रक चलाक की मौके पर मौत हो गई। घटना एन एच 45 भोपाल जबलपुर हाईवे की है। घटना के बाद ट्राले का ड्राइवर फरार हो गया। बरेली पुलिस ने जेसीबी की मदद से आयशर ट्रक में फंसे ड्राइवर को बाहर निकाला। दोनों वाहन जबलपुर से भोपाल की ओर जा रहा था। घटना देर रात की बताई जाती है। इधर भोपाल जबलपुर नेशनल हाईवे 45 छींद मोड़ पर अनियंत्रित होकर एक बस पलट गई। हादसे में 4 यात्रियों को मामूली चोट आई है। सभी को बरेली सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। यात्री बस बालाघाट से इंदौर जा रही थी। यात्री बस के यात्रियों को दूसरी बसों से रवाना किया गया।