भाजपा का नारा है खूब खाओ और जम के खिलाओ, पीएम मोदी और सीएम चौहान पर बरसे दिग्विजय सिंह

नीमच जिले की जावद विधानसभा में प्रेस को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा शासन-प्रशासन का पूरी तरह कमर्शियलाईजेशन हो चुका है।

Updated: Apr 29, 2023, 06:27 PM IST

नीमच। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजसभा सांसद दिग्विजय सिंह इन दिनों मालवा क्षेत्र के दौरे पर हैं। सिंह ने शनिवार को नीमच जिले की जावद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शामगढ़ में प्रेस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार पर हमला करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा शासन-प्रशासन का पूरी तरह कमर्शियलाईजेशन हो चुका है। भाजपा का नारा है "खूब खाओ और जम के खिलाओ"।

प्रेस को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा, "मध्य प्रदेश में जावद विधानसभा का अपना एक विशेष स्थान है। यहां के वीरेंद्र कुमार सकलेचा मुख्यमंत्री भी हुए। राजस्थान से जुड़ा हुआ यह क्षेत्र अपनी राजनैतिक चेतना के लिए जाना जाता है। वीरेंद्र कुमार सकलेचा जी का काम करने का अपना एक तरीका था, लेकिन उनके पुत्र पूरी तरीके से कमर्शियल हो चुके हैं।"

यह भी पढ़ें: सीएम के वीडियो कॉन्फ्रेंस में म्यूट किया कांग्रेस MLA का माइक, किसानों की मांग उठा रहे थे तरवर सिंह लोधी

सिंह ने आरोप लगाया कि पंच, सरपंच एवं जनपद अध्यक्ष का पद भी कमर्शियलाइज हो चुका है। उन्होंने कहा, "जनपद अध्यक्ष के खिलाफ शिकायतों पर भाजपा ने कोई कार्रवाई नहीं की लेकिन लोकायुक्त ने आकर इस जनपद अध्यक्ष को ट्रैप किया और वह 50 हजार लेते हुए पकड़ा गया। पद कमर्शियलाइज़ है तो खरीदा होगा और खरीदा है तो वसूली भी करेंगे। यह एक उदाहरण है, लेकिन सभी पंचायतों में जमकर वसूली हो रही है और उसका पैसा पंचायत मंत्री एवं मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जा रहा है। बीजेपी समर्थित सरपंच से 50 हजार की रिश्वत लेने वाले जनपद अध्यक्ष पर कलेक्टर ने धारा 40 (ख) के तहत कार्रवाई क्यों नहीं की?"

राज्यसभा सांसद ने आगे कहा, "भारतीय जनता पार्टी के शासन प्रशासन का यही नारा है कि खूब खाओ और जम के खिलाओ। पीएम मोदी कहते हैं ना खाऊंगा ना खाने दूंगा लेकिन कर्नाटक में एक मंत्री पर 40% कमीशन लेने का आरोप लगा, बावजूद उसको भाजपा ने उसको फिर से टिकट दे दिया। यहां किसान और सरपंच 35% कमीशन बता रहे है। ओमप्रकाश सकलेचा को अपने पिता वीरेंद्र कुमार सकलेचा की लेगसी का ध्यान रखना चाहिए। सुआखेड़ा की चूना पत्थर खदान की 400 एकड़ लीज में अनियमितता की गई, जहां कॉपी में तारीख 7 फरवरी 2020 की है वही मूल प्रति में तारीख 7 जून 2020 की है, यह भाजपा का एक और झूठ दर्शाता है।"

यह भी पढ़ें: मानहानि मामले में विवेक तन्खा ने कोर्ट में दर्ज करवाए बयान, सीएम चौहान, वीडी शर्मा और भूपेंद्र सिंह की बढ़ सकती हैं मुश्किलें

सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा, "अनुसूचित जाति- जनजाति के पट्टे निरस्त किए जा रहे हैं और शासकीय पट्टे बेचे जा रहे हैं। भाजपा समर्थक पंचायत सचिव प्रेमचंद माली ने शासकीय भूमि के अवैध पट्टे बनाकर बेच दिए, शासन प्रशासन के व्यवसायीकरण में सरकार इस बात का ध्यान रखती है कि कौन सा अधिकारी अवैध वसूली में सरकार की मदद कर सकता है। शिवराज चौहान बड़ा खेल खेल रहे हैं। बिना इंटरव्यू नियुक्तियां हो जाती है, जो कि चुनिंदा लोगों की होती हैं। मैं 10 साल सीएम रहा गरीबों को भूमि दी, आवासहीनों को पट्टे दिए, गरीबों को, किसानों को मुफ्त बिजली दी, पंचायतों को अधिकार दिए। लेकिन पा ने पंचायतों से अधिकार छीन लिए।" सिंह ने बताया कि शामगढ़ में कुछ व्यापारी उनसे मिले और कहा कि आपकी सरकार में इंस्पेक्टर राज खत्म हुआ था इसलिए हम खुश थे, इस सरकार में हम दुखी हैं। 

केंद्र पर हमला करते हुए सिंह ने कहा कि, "मोदी सरकार चुनिंदा उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है, उनके लिए नियम कानून बदले जाते हैं, यहां तक कि एक एयरपोर्ट का ठेका जिनके पास था उनके ऊपर ईडी और सीबीआई के छापे मारकर, उन्हें जेल जाने का डर दिखा करके उनसे यह ठेका अपने पसंद के उद्योगपति को बिकवा दिया।" पूर्व सीएम भाजपा की राष्ट्रभक्ति पर सवाल उठाते हुए कहा कि ध्रुव सक्सेना जैसे भाजपा के लोग आईएसआई से पैसा लेकर पाकिस्तान का काम करते हैं। ऐसे लोगों पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा क्योंं नहीं चलाती। सतपाल मलिक की बातों पर कोई जवाब नहीं... कश्मीर में डिप्टी एसपी देवेंद्र सिंह को आईजी ने गिरफ्तार किया लेकिन सरकार ने उस पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा भी नहीं लगाया और चार्जशीट भी नहीं की। यह इस सरकार की राष्ट्रभक्ति है।"