भाजपा के मंत्रियों और दलालों के घर छापेमारी करे ED, भोपाल के जंगल में मिले सोने पर बोले दिग्विजय सिंह

दिग्विजय सिंह ने भोपाल के जंगल में मिले बड़ी मात्रा में सोने को लेकर कहा कि भाजपा के मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, मंत्रियों और दलालों के घर पर छापा डालो तो न जाने क्या-क्या मिलेगा।

Updated: Dec 21, 2024, 05:42 PM IST

रतलाम। परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा के भोपाल स्थित ठिकानों से करोड़ों रुपए बरामद किए जा चुके हैं। उसके एक कार से 15 करोड़ कैश और 55 किलो सोना बरामद किया गया है। इस नगदी और सोने का असली मालिक कौन है इसे लेकर सवाल गहराते जा रहे हैं। इस छापेमारी के बाद मध्य प्रदेश का परिवहन विभाग सवालों के घेरे में है। इसी बीच अब मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि ED को भाजपा के मंत्रियों और दलालों के घर छापेमारी करना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह रतलाम जिला अंतर्गत जावरा में प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री भारत सिंह के निधन के बाद आयोजित शोक बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। यहां पत्रकारों से चर्चा के दौरान दिग्विजय सिंह ने भोपाल के जंगल में खड़ी कार में बड़ी मात्रा में मिले सोने और कैश को लेकर भी कहा कि, ‘भाजपा के मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, मंत्रियों और दलालों के घर पर छापा डालो तो न जाने क्या-क्या मिलेगा।’

दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि पिछले 20 साल में भाजपा की सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ा है, भाजपा के कार्यकर्ता और दलाल कहा से कहा पहुंच गए। प्रदेश के सभी जिलों में यही स्थिति है। ईडी, सीबीआई कभी इन लोगों पर कार्रवाई नहीं करती। अगर भाजपा के लोगों पर कार्रवाई करे तो मालूम पड़ेगा।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने संसद में हुई धक्का-मुक्की को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, 'बीजेपी अपनी कारगुजारियों को छुपाने के लिए स्क्रिप्ट नौटंकी कर रही है। सांसद प्रियंका गांधी और इंडिया गठबंधन की अन्य महिला सांसदों को संसद द्वार पर प्रदर्शन कर रहे भाजपा सांसदों ने प्रवेश करने से रोका। वहीं, हमारे बुजुर्ग नेता मल्लिकार्जुन खड़गे सहित अन्य नेताओं को भी रोका गया। इसी दौरान भाजपा का ही एक सांसद दूसरे संसद पर गिर गया। इसमें कांग्रेस का क्या दोष और राहुल गांधी जी का क्या दोष। राहुल गांधी वहां थे भी नहीं, लेकिन उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गई।'

यह भी पढ़ें: इंदौर में MPPSC अभ्यर्थियों का धरना चौथे दिन भी जारी, आमरण अनशन पर बैठा एक अभ्यर्थी बेहोश

सिंह ने आगे कहा, 'बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर पर की गई टिप्पणी के लिए गृह मंत्री अमित शाह को माफी मांगना चाहिए। अब तक तो उनका इस्तीफा हो जाना चाहिए। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह की विचारधारा संविधान के खिलाफ है।'