खरगोन के पूर्व सांसद ताराचंद पटेल का हार्ट अटैक से निधन, कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर

सोमवार की सुबह ताराचंद पटेल को हार्टअटैक आया जिसके बाद उनका निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, विधायक सचिन यादव सहित कई कांग्रेस नेता उनके निवास स्थान पहुंचे।

Updated: Sep 18, 2023, 07:30 PM IST

खरगोन। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद ताराचंद पटेल का सोमवार उनके निवास स्थल सनावद में निधन हो गया है। 82 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह उन्हें हार्टअटैक आया और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो गया। उनके निधन से पूरे निमाड़ अंचल और कांग्रेस में शोक की लहर व्याप्त हो गई। 

ताराचंद पटेल के निधन की सूचना मिलते ही कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, विधायक सचिन यादव सहित कई नेता और कार्यकर्ता उनके निवास स्थान पहुंचे। सोमवार दोपहर अंतिम दर्शन के बाद उनका सनावद में ही अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता, स्नेही , प्रशंसक और समाज के लोग शामिल हुए। 

पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री अरूण यादव ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे मार्गदर्शक रहे ताराचंद पटेल ने निमाड़ अंचल में कांग्रेस संगठन को मजबूती प्रदान की थी। उनका निधन मेरे लिए और कांग्रेस पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। कसरावद के विधायक सचिन यादव ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सहकारी आंदोलन के माध्यम से मेरे पिताश्री सुभाष यादव के साथ पटेल ने कंधे से कंधा मिलाकर निमाड़ अंचल के विकास में अग्रणी भूमिका अदा की थी। उनके इस योगदान को हम कभी भुला नहीं पायेंगें।

पूर्व सांसद ताराचंद पटेल ने अपनी राजनीति की शुरुआत गांव की राजनीति से की थी। वे मोटरसाइकिल से गांवों में जाकर पार्टी का काम किया करते थे। ताराचंद पटेल ने अर्जुन सिंह से प्रभावित होकर कांग्रेस जॉइन की थी। वे गुर्जर महासभा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। समाज में उनके सहयोग से कई सराहनीय काम हुए हैं। उन्होंने ही रेवा गुर्जर समाज में सन 1985 से सामूहिक विवाह समारोह के आयोजन की शुरूआत कर सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का प्रयास किया था। वे पहली बार 1993 में विधानसभा चुनाव लड़े और पूर्व संसदीय सचिव चंद्रकांत गुप्ता को हराकर विधायक बने। 1998 में भी फिर से विधानसभा जीते। 1999 में वे लोकसभा का चुनाव लड़े और सांसद बने।