नींद में सो रही पत्नी पर पति ने कुल्हाड़ी से किया वार, पत्नी का एक हाथ काट दिया, दूसरे हाथ की तीन उंगलियां काट दी

बैतूल के चिचोली में रहने वाले राजू बंशकार का अपनी पत्नी से छोटी छोटी बातों पर विवाद होता था, बुधवार रात को एक बार फिर विवाद होने पर पति ने पत्नी के ऊपर कुल्हाड़ी से वार कर दिया

Publish: Mar 26, 2021, 12:09 PM IST

भोपाल/बैतूल। बैतूल के चिचोली में रहने वाले एक पति ने एक मामूली विवाद के चलते अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। पति ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से वार कर उसका एक हाथ काट दिया। पति ने पत्नी के दूसरे हाथ की तीन ऊंगली भी काट दीं। बाकी दोनों ऊंगली को भी पति ने ज़ख़्मी कर दिया। पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। पत्नी इस समय भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती है।  

घटना बुधवार रात की है। राजू बंशकार और कविता में अमूमन हर छोटी बात को लेकर झगड़ा होता था। पिछले कुछ दिनों से राजू का मानसिक संतुलन कुछ बिगड़ा हुआ था। बुधवार रात को भी दोनों पति पत्नी के बीच किसी मामूली सी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। लेकिन झगड़े की वजह से राजू अपनी पत्नी पर इतना आक्रोशित था कि उसने कविता पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।  

यह भी पढ़ें : मास्क न लगाने वालों का चालान काट रही थी नकली महिला पुलिसकर्मी, असली पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा

रात में झगड़ा होने के बाद राजू अपनी पत्नी पर काफी आक्रोशित था। सुबह करीब 5 बजे जब उसकी पत्नी गहरी नींद में सो रही थी। तब उसने कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ कुल्हाड़ी चलाना शुरू कर दिया। जिस समय राजू ने अपनी पत्नी पर हमला उस दौरान उसकी 17 वर्षीय बच्ची घर में ही सो रही थी।  इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस चिचोली के सोनी मोहल्ला में स्थित राजू और कविता के घर पहुंची। राजू अभी भी घर में ही मौजूद था। अपने नृशंस कृत्य पर उसे पछतावा हो रहा था। उसे भरोसा नहीं हो रहा था कि आक्रोशवश उसने इतना जघन्य अपराध क्यों कर डाला?

यह भी पढ़ें : जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से माफ़ी मांगता हूँ, सनराइज़ अस्पताल में आग लगने के बाद बोले उद्धव ठाकरे

पुलिस ने राजू को अपनी हिरासत में लिया और कविता को आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से कविता को बैतूल के जिला अस्पताल रेफेर किया गया। इसके बाद घायल महिला को भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती किया गया है। डॉक्टर्स का कहना है कि उन्होंने कविता के एक हाथ की दो उंगलियां जोड़ दी गई हैं। जबकि तीन उंगलियों के काम करने की उम्मीद कम ही है। डॉक्टर्स के मुताबिक कविता के सिर पर भी गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उसकी हालत नाज़ुक बनी हुई है।