बैतूल में इंजीनियर दूल्हे की बुलडोजर पर निकली बारात, देखने उमड़ी भीड़

अंकुर पेशे से सिविल इंजीनियर है और भोपाल जिले की कुरावर नगरपालिका में पदस्थ हैं

Updated: Jun 23, 2022, 08:53 AM IST

Photo Courtesy: patrika
Photo Courtesy: patrika

बैतूल। मध्य प्रदेश में बुलडोजर का उपयोग अपराधियों के अवैध ठिकाने गिराने, जमीनों को माफिया मुक्त करने के लिए किया जाता रहा है। बुलडोजर को सख्त कानून व्यवस्था से जोड़ कर देखा जाने लगा है। उत्तर प्रदेश में इसे बुलडोज़र मॉडल कहा गया। चुनावी सभाओं में बुलडोजर का उपयोग किया जाने लगा। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बुलडोजर बाबा तक कहा जाता है। लेकिन अब बुलडोजर का क्रेज युवाओं में भी बढ़ता जा रहा है और यह क्रेज इस हद तक बढ़ चूका है कि दूल्हा बुलडोजर पर सवार होकर बारात निकाल रहे है। 

मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में ऐसी ही अनोखी शादी हुई। इस अनोखी शादी में दूल्हे ने घोड़े, बग्गी, हाथी पर बैठकर नहीं बल्कि बुलडोजर लेकर बारात निकाली। दूल्हे ने बुलडोजर पर बैठकर घर से हनुमान मंदिर केरपानी तक निकासी निकाली, दूल्हा बुलडोजर पर बैठा और अपनी बारात में जमकर थिरका भी। फूलों से सजी बुलडोजर यानि जेसीबी और उस पर बुलडोजर की बकेट में दूल्हा बैठा देख सभी लोग दंग रह गए। इस इंजीनियर दूल्हे की अनोखी शादी की बारात देखने उमड़ी भीड़ में शामिल लोगों ने अपने फ़ोन में वीडियो बना लिया और अब इस शादी की चर्चा पूरे प्रदेश में हो रही है।  


यह भी पढ़ें: Maharashtra political crisis: CM पद और पार्टी दोनों खोने की कगार पर ठाकरे, शिंदे कैंप ने लिखा पत्र

बैतूल जिले के केरपानी निवासी इंजीनियर अंकुर जैसवाल की शादी थी। अंकुर पेशे से सिविल इंजीनियर है और भोपाल जिले की कुरावर नगरपालिका में पदस्थ हैं। अंकुर ने पहले से ही तय कर लिया था कि बारात तो अनोखे अंदाज में ही निकलेगी। इसके बाद बुलडोजर का आइडिया सूझा। 22 जून को अंकुर बुलडोजर पर बैठकर पाढर ग्राम निवासी अपनी दुल्हन स्वाति मालवीय को लेने निकले हैं। बुलडोजर पर अंकुर के साथ उसकी बहनें और भांजे, भांजिया भी बैठे थे।

अंकुश का कहना है कि मैं पेशे से सिविल इंजीनियर हूं और मेरा सपना था कि मेरी बरात जेसीबी मशीन पर निकले। इसको लेकर मैंने अपने परिजनों से बात की परिजन भी तैयार हो गए और मैंने अपनी ख्वाहिश पूरी की। बुलडोजर पर बारात निकलने से मेरी शादी यादगार हो गई। इससे पहले उत्तर प्रदेश के बहराइच में रुबीना की शादी में दूल्हा बुलडोजर लेकर पंहुचा था।