इंदौर: करणी सेना के जिलाध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, सीने में मारी गईं दो गोलियां, कार में मिली लाइसेंसी रिवॉल्वर

इंदौर में करनी सेना के कार्यकारी जिलाध्यक्ष मोहित पटेल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का ये घटनाक्रम देर रात का बताया जा रहा है। पुलिस अब हत्या की वजह का पता लगाने में जुट गई है।

Updated: Jun 01, 2023, 01:14 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। यहां बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी ब्रोकर की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक युवक करणी सेना का कार्यकारी जिलाध्यक्ष भी था। बुधवार देर रात बदमाशों ने उसके सीने में दो गोलियों मारी।

मामला बुधवार देर रात इंदौर के कनाड़िया इलाके का है। एसीपी जयंत राठौर ने बताया कि मोहित सिंह पटेल बिसनखेड़ा का रहने वाला था। बुधवार देर रात अज्ञात लोगों ने सेवाकुंज अस्पताल के पास उसे गोली मार दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मोहित के दोस्त मौके पर पहुंचे और उसे बॉम्बे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मोहित को मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक मोहित पटेल का प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस का मानना है कि मोहित की मौत के पीछे संभवत: प्रॉपर्टी विवाद हो सकता है।हालांकि पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

यह भी पढ़ें: MP में माफियाओं के हौसले बुलंद, सागौन तस्करों ने वन अमले पर किया हमला, तीन आरक्षक घायल

बताया जा रहा है कि मोहित जिस कार से गया था उस कार से पुलिस को गोली के खोल भी बरामद हुए हैं। वहीं, मोहित की लाइसेंसी रिवाल्वर भी कार में ही मौजूद थी। मोहित के दोस्तों का दावा है कि कार के शीशे भी लगे हुए थे। गोली लगने से पहले मोहित ने अपने दो मित्रों को कॉल किया था और उनको बाईपास पर मिलने बुलाया था। जब दोनों मित्र मोहित के पास पर पहुंचे तो देखा कि मोहित उसकी कार में गोली लगी हुई अवस्था में पड़ा हुआ था।

बता दें कि मोहित प्रॉपर्टी ब्रोकर का काम करता है और वह खुद भी एक पिस्टल साथ मे रखता था। परिजनों के मुताबिक मोहित अपने घर से रात 8:30 बजे निकला था और उसके बाद यह घटना को अंजाम दिया गया।