इंदौर पर चढ़ा रंगपंचमी का खुमार, रंग-गुलाल में सराबोर नजर आए लाखों लोग, राजवाड़ा पहुंची 3KM लंबी गेर
रंगपंचमी के मौके पर इंदौर में जहां तक नजर पहुंची, वहां जमीन से लेकर आसमान तक उड़ते रंग-गुलाल नजर आए। लोगों का उत्साह चरम पर दिखा।

इंदौर। मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मनाए जाने वाले रंगपंचमी पर्व का अलग ही उल्लास व नजारा देखने को मिला है। उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर 5 क्विंटल टेसू के फूल से निर्मित रंगों से सराबोर दिखा। वहीं इंदौर में निकली गेर से आसमान सतरंगी हो गया। यहां
हर तरफ जमीन से लेकर आसमान तक उड़ते रंग-गुलाल नजर आए और लोगों का उत्साह चरम पर था।
गेरों का शुभारंभ सुबह 10 बजे हुआ और धीरे-धीरे गेर राजवाड़ा की ओर निकलना शुरू हो गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गेर के मार्ग को चिन्हित करते हुए उसे पूरी तरह से नो व्हीकल जोन घोषित किया गया था। पुलिसकर्मी गेर में हर जगह मौजूद रहे। नशा करके आने वालों पर सख्त नजर रखी जा रही है। गेर के मार्ग में चारों तरफ सीसीटीवी व्यवस्था लगाई गई थी।
इंदौर की ऐतिहासिक गेर में आज रंगों से सराबोर हुआ इंदौर।#indore#festival #holi#rangpanchami2023 #Ger@CMMadhyaPradesh pic.twitter.com/JHr06kYcVr
— Collector Indore (@IndoreCollector) March 12, 2023
गेर में करीब 5 लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए। गेर की शुरुआत ओल्ड राजमोहल्ला स्थित हरिराम मंदिर पर पूजन के बाद हुई। गेर में विशेष रूप से बैंड बाजे, ढोल ताशे, डीजे की 3 गाड़ियां, 10 ट्रैक्टर ट्रॉली पर ड्रम से पानी उड़ाते हुए हुरियारे चलते रहे। पानी की 5 टैंकरों पर 100 फीट तक केसरिया रंग की मार करने वाली मिसाइलें भी गेर में शामिल हुई।
राजवाड़ा पहुंची इंदौर की प्रसिद्ध गेर।#indore#festival #holi#rangpanchami2023 #Ger@CMMadhyaPradesh pic.twitter.com/VG5WgB36Yz
— Collector Indore (@IndoreCollector) March 12, 2023
इस दौरान जहां तक नजर पहुंची, वहां जमीन से लेकर आसमान तक उड़ते रंग-गुलाल नजर आए। लोगों का उत्साह चरम पर दिखा। मॉरल क्लब की गेर राजवाड़ा से सराफा के रास्ते से निकली। इस बार गेर को लेकर मॉरल क्लब ने भी जोरदार तैयारी की थी। गेर के लिए मुंबई से 70 लोगों की ताशा पार्टी बुलवाई गई थी। इसके अलावा 4 ब्लोअर मशीनों से अलग-अलग गाड़ियों से 60 फीट ऊपर तक गुलाल उड़ाया गया। 40 हजार लीटर के पानी टैंकर से 6 मिसाइल शामिल की गई।
इंदौर में पहली बार रंग पंचमी पर निकली ग़ैर यात्रा में शामिल हुई नगर निगम की स्वच्छता संदेश वाली झांकी।#indore#festival #holi#rangpanchami2023 #Ger@CMMadhyaPradesh pic.twitter.com/K96mWQUpzD
— Collector Indore (@IndoreCollector) March 12, 2023
यूनेस्को में गेर का नाम शामिल हो इसके लिए खास प्रबंध किए गए थे। इस बार नगर निगम ने भी गेर निकाली थी। निगम की गेर में महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी शामिल हुए। इसमें पार्षद व भाजपा नेता भी ट्रैक्टर में बैठकर आगे बढ़ते दिखे। निगम की गेर में इस बार लोगों पर पानी की बौछारें डाली जा रही थी। जैसे-जैसे प्रदेश के विभिन्न शहरों में गेर आगे बढ़ रही थी, लोगों का हुजूम बढ़ता जा रहा था।