Jabalpur: हाइटेक क्रिकेट सट्‌टे का खुलासा, 5 सटोरिए गिरफ्तार, एक फरार

जबलपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आस्ट्रेलिया के टी-20 क्रिकेट पर सट्टा लगाते पांच सटोरियों को किया गिरफ्तार, नागपुर के एक सटोरिए के संपर्क में थे आरोपी, 20 लाख रुपए से अधिक की मिली पर्चियां

Updated: Jan 27, 2021, 11:30 AM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

जबलपुर। कोतवाली थाना इलाके से पुलिस ने पांच सटोरियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी एक कपड़े की दुकान के तीसरी मंजिल पर हाईटेक सट्‌टा चला रहे थे। पुलिस ने इनके पास से 33 मोबाइल फोन बरामद  किए हैं। इनमें चार एंड्राइड मोबाइल और 29 की-पैड मोबाइल शामिल हैं। एलईडी टीवी, लैपटॉप, डायरी, कम्युनिकेटर, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, 2800 कैश भी जब्त किया है। सटोरिओं के पास से 20 लाख रुपए से अधिक का सट्टा पर्ची का हिसाब मिला है।

ये सटोरिए आस्ट्रेलिया में चल रहे बिग बैश प्रीमियर लीग टी-20 पर जबलपुर से पैसे लगा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस ने मकान में दबिश दी और पांचों को गिरफ्तार कर लिया है। सटोरियों का मास्टरमाइंड पुलिस को देखकर फरार हो गया। उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। 

पुलिस ने नीतेश सिंह ठाकुर, आदित्य नायक, राजेश नायक, मोहित और हर्षित नायक धर दबोचा है। वहीं इनका मास्टर माइंड मनोज उर्फ मुन्नू नायक भागने में कामयाब हो गया। गौरतलब है कि ये सभी नागपुर के किसी सटोरिए के संपर्क में थे। इस लीग पर 26 लोगों ने सट्‌टा लगा रखा था। हर बॉल पर सट्टा लगाने वाले सटोरिए पैसों का लेनदेन आनलाइन करते थे। दरअसल बिग बैश लीग 10 दिसंबर 2020 से जारी है, जिसका फाइनल मैच 06 फरवरी 2021 को होने वाला है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर सरगना की तलाश की जा रही है।