नेशनल बैंडमिंटन चैम्पियन श्रुति की मौत, बैतूल में घर के छत पर संदिग्ध हालत में मिला शव

मध्य प्रदेश की स्टार बैडमिंटन प्लेयर श्रुति की संदिग्ध मौत, कई बार नेशनल टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं श्रुति, अपने ही घर पर मृत अवस्था में मिली देह

Updated: Oct 01, 2021, 04:02 AM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बैंडमिंटन की नेशनल चैम्पियन रही श्रुति सोनी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक श्रुति का शव अपने ही घर की छत पर पड़ा मिला। श्रुति की मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक शुक्रवार को श्रुति अपनी गर्भवती बिल्ली के लिए छत पर एक कार्टून रखने गई थी ताकि बिल्ली और उसके बच्चे कार्टून में आराम से रह सकें। परिजनों के मुताबिक जब वह आधे घंटे तक नीचे नहीं लौटी तो मां ने ऊपर जाकर देखा। श्रुति की मां के मुताबिक छत पर वह बेसुध अवस्था में गिरी हुई थी। श्रुति की मां ने परिवार के अन्य सदस्यों को आवाज लगाई और तत्काल परिजन उसे अस्पताल लेकर गए।

यह भी पढ़ें: रोटी कमाने के लिए जोखिम में जान, वाहनों की ओवरलोडिंग दे रही हादसों को न्यौता

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने श्रुति को मृत घोषित कर दिया। श्रुति की मौत की जानकारी मिलते ही उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। केंद्रीय विद्यालय की जूनियर बैडमिंटन चैंपियन श्रुति इसी साल वहीं से 12 वीं पास हुई थी। वह कई बार नेशनल टीम में मध्य प्रदेश केंद्रीय विद्यालय का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं। श्रुति सारणी एबी टाइप कॉलोनी में रहती थी। उसके पिता निकुंज सोनी सतपुड़ा थर्मल पावर स्टेशन के पावर हाउस नंबर-4 में डीई के पद पर पदस्थ हैं। 

श्रुति के कोच रमेश भोयर ने बताया कि वे मध्य प्रदेश पावर जेनरेटिंग कंपनी लिमिटेड के बैडमिंटन क्लब में प्रशिक्षण देते हैं। रमेश के मुताबिक श्रुति ने केंद्रीय विद्यालय के चैंपियनशिप में कई बार राष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है। साथ ही उसने प्रदेश के लिए कई पदक भी जीते हैं।'

यह भी पढ़ें: 20 लाख के लिए दिल्ली के बिजनेसमैन की किडनैपिंग, बीजेपी नेता के 4 करीबी गिरफ्तार

मामले में एसडीओपी सारणी महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि फिलहाल श्रुति की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। श्रुति के शरीर पर न तो चोट के निशान हैं और न ही शव में अन्य संदेहास्पद तथ्य नजर आए हैं। शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने इस मामले को पंजीबद्ध का जांच शुरू कर दिया है।