कमलनाथ ने बजट को बताया मध्य प्रदेश की जनता से विश्वासघात, सरकार को याद दिलाए चुनावी वादे

भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि यह सरकार जनविरोधी है, जनता से विश्वासघात करने वाली है और वादा-खिलाफी इसका स्वभाव है। इस बजट से मध्य प्रदेश की जनता को भारी निराशा हुई है: कमलनाथ

Updated: Jul 03, 2024, 05:39 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार का आज पहला बजट पेश किया गया। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने विधानसभा में बजट पढ़ा। बजट पर विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इसे प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात करार दिया है।

कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'मध्य प्रदेश सरकार का आज का बजट जनता से विश्वासघात वाला बजट है। चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश की जनता और मतदाताओं से जो प्रमुख वादे किए थे, वह सारे वादे वित्त मंत्री के बजट भाषण से ग़ायब दिखाई दिए। प्रदेश के किसानों, नारी शक्ति, नौजवानों और सभी वर्गों से किए गए चुनावी वादों को बजट में कोई स्थान नहीं दिया गया।' 

कमलनाथ ने आगे लिखा, 'विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश की जनता से जो चार प्रमुख वादे किए थे, वह इस प्रकार हैं: 
* किसानों को धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 3100 रुपया प्रति क्विंटल
* किसानों को गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2700 रुपया प्रति क्विंटल
* लाड़ली बहन योजना में महिलाओं को प्रति महीने 3 हज़ार रुपया
* घरेलू गैस सिलेंडर 450 रुपये में।

कमलनाथ ने आगे लिखा, 'भारतीय जनता पार्टी ने अपनी इन चारों घोषणाओं को बजट में कोई स्थान नहीं दिया और स्पष्ट कर दिया है कि यह सरकार जनविरोधी है, जनता से विश्वासघात करने वाली है और वादा-खिलाफी इसका स्वभाव है। इस बजट से मध्य प्रदेश की जनता को भारी निराशा हुई है।'