जिस सरकार की आयु 3 महीने भी नहीं बची है, वह सरकार 3000 की बात कर रही है: कमलनाथ

जिनकी देने की नियत होती है, वह ना तो मोल भाव करते हैं और ना कल-परसों पर बात टालते हैं। जिन्होंने बरसों से कुछ नहीं किया, वही कल और परसों करते हैं: कांग्रेस

Updated: Aug 10, 2023, 10:32 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार शासकीय विज्ञापनों में महिलाओं को 3000 देने का वादा कर रही है। जबकि विधानसभा में खुद सरकार ने स्वीकारा है कि इसके लिए कोई रोड मैप तैयार नहीं है। ऐसे में अब कांग्रेस ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि जिनकी देने की नियत होती है, कल-परसों पर बात नहीं टालते हैं।

कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'वर्तमान से मुंह मोड़ना और कभी भूतकाल तो कभी भविष्य काल में जीना शिवराज सरकार का अमृतकाल बन गया है। शिवराज जी अरबों रुपया प्रचार पर लुटा कर बहनों से कह रहे हैं कि वे उन्हें ₹3000 महीना देंगे। जिस सरकार की आयु 3 महीने भी नहीं बची है, वह सरकार 3000 की बात कर रही है। जिनकी देने की नियत होती है, वह ना तो मोल भाव करते हैं और ना कल-परसों पर बात टालते हैं। जिन्होंने बरसों से कुछ नहीं किया, वही कल और परसों करते हैं।'

कमलनाथ ने आगे लिखा, 'बहनो, इन जुमलों के सौदागरों से जो मिल जाए, वह अपने पास रखिए और निश्चिंत रहिए कांग्रेसी सरकार आपको नारी सम्मान देगी। नकद ₹1500 मिलेंगे, ₹500 में गैस सिलेंडर मिलेगा, 100 यूनिट तक बिजली मुफ्त मिलेगी, 200 यूनिट तक बिजली का बिल हाफ आएगा। बच्चों को रोजगार मिलेगा, खेतों को बिजली मुफ्त मिलेगी। कांग्रेस जुमलों की खेती नहीं, गारंटी का भरोसा देती है।'

बता दें कि शिवराज सरकार ने चुनावी साल में लाडली बहना योजना की शुरुआत की है। इसके तहत महिलाओं को एक हजार रुपए प्रति माह मिल रहे हैं। जबकि कांग्रेस के वादे के अनुसार सरकार आते ही महिलाओं को नारी सम्मान योजना के तहत 1500 प्रतिमाह और 500 रुपए में गैस सिलेंडर मिलेगा। कांग्रेस के इस योजना का काउंटर करने के लिए राज्य सरकार ने नया हथकंडा अपनाया है। सरकार अब विज्ञापनों के माध्यम से दावा कर रही है कि भविष्य में लाडली बहनों को 3000 रुपए मिलेंगे। हालांकि, ये कब होगा इसके बारे में सरकार कुछ नहीं बता पा रही है।