बाबा महाकाल के दरबार में डीके शिवकुमार ने लगाई हाजिरी, भस्मारती में हुए शामिल

कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार मध्य प्रदेश के दो दिवसीय के दौरे पर है। वे महाकाल मंदिर में रविवार अल सुबह होने वाली भस्म आरती में शामिल होने पहुंचे।

Updated: Jun 11, 2023, 10:20 AM IST

उज्जैन। कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार रविवार तड़के उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। वे महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए और गर्भगृह में बाबा की पूजा की। इस दौरान उन्होंने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और पीसीसी चीफ कमलनाथ का नाम लेकर कहा की हम मध्य प्रदेश में कर्नाटक से भी ज्यादा सीट जीतेंगे। 

डीके शिवकुमार मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैं। वे शनिवार रात 8 बजे ही उज्जैन आ गए थे। वे रात में ही महाकाल मंदिर और काल भैरव मंदिर के दर्शन करने गए। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद तड़के होने वाली महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए। साथ ही नंदी हॉल में बैठकर ध्यान लगाया। महाकाल के नाम का जाप भी किया। उनके साथ विधायक महेश परमार, जीतू पटवारी, शोभा ओझा और कांग्रेस के अन्य नेता व पदाधिकारी भी मौजूद थे। 

डीके भगवान महाकाल और काल भैरव के अनन्य भक्त हैं। उन्होंने बताया, 'जब खराब समय चल रहा था, तब भी मैं महाकाल के दर्शन के लिए तीन बार उज्जैन आ चुका हूं।' उन्होंने यह भी कहा कि हिंदुत्व, मंदिर और भगवान भारतीय जनता पार्टी की पर्सनल प्रॉपर्टी नहीं हैं। महाकाल दर्शन और पूजन के बाद डीके शिवकुमार ने मीडिया से चर्चा में कहा, 'इस बार कांग्रेस की सरकार का आशीर्वाद हमें कर्नाटक में मिला है। मैं आन भगवान से प्रार्थना करने आया हूं कि कर्नाटक सहित पूरे भारत को समृद्धि देना। सभी खुशी से रहें। आज से हम कर्नाटक में महिलाओं के लिए बसों का किराया फ्री कर रहे हैं।'

डीके शिवकुमार ने कहा, 'कर्नाटक की तरह मध्य प्रदेश की जनता भी BJP सरकार के भ्रष्टाचार के कारण परेशान है। आगामी विधानसभा चुनाव के बाद मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। इस बार डबल इंजन की सरकार MP भी में बदलेगी। कमलनाथ, दिग्विजय सिंह सहित सभी नेता साथ काम कर रहे हैं। कर्नाटक से ज्यादा सीटें मध्य प्रदेश में कांग्रेस को मिलेगी।' 

डीके शिवकुमार ने इससे पहले शनिवार को दतिया में राजसत्ता की देवी मां पीतांबरा के दर्शन किए। मीडिया के सवाल पर उन्होंने कहा, 'कर्नाटक चुनाव की जीत ने हम सभी को‎ हिम्मत दी है। मध्य प्रदेश में मेरी‎ भूमिका क्या होगी? इसका फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व ही‎ करेगा।' डीके परिवार समेत शनिवार दोपहर 3.30 बजे‎ प्राइवेट प्लेन से दतिया पहुंचे थे। उन्होंने यहां शाम 5.30 बजे तक मंदिर में रहकर पूजा-अर्चना‎ की।