करणी सेना ने खोला सीएम शिवराज के विरुद्ध मोर्चा, जहां जा रहे सीएम वहां काले झंडे लेकर पहुंच रहे सदस्य

करणी सेना के सदस्यों की 21 सूत्री मांगें हैं, जिन्हें 6 महीने से ज्यादा समय होने के बावजूद पूरा नहीं किया गया है, इसी के चलते करणी सेना सीएम शिवराज सिंह चौहान का विरोध कर रही है।

Updated: Jul 24, 2023, 10:23 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ करणी सेना ने मोर्चा खोल दिया है। सीएम शिवराज के सभी आयोजनों में करणी सैनिक काले झंडे लेकर पहुंच जा रहे हैं। ऐसे में पुलिस के लिए इन दिनों करणी सेना परेशानी का सबब बन गई है। करणी सेना के सदस्यों की 21 सूत्री मांगें हैं, जिन्हें 6 महीने से ज्यादा समय होने के बावजूद पूरा नहीं किया गया है, इसी के चलते करणी सेना सीएम शिवराज सिंह चौहान का विरोध कर रही है।

दरअसल, मध्य प्रदेश में बीजेपी सरकार द्वारा विकास पर्व मनाया जा रहा है, जो कि 28 दिनों का है। 16 जुलाई से शुरू हुआ यह पर्व 14 अगस्त तक जारी रहेगी। इस दौरान विकास यात्राएं भी निकाली जा रही हैं। प्रतिदिन मुख्य आयोजनों में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हो रहे हैं, लेकिन इन आयोजनों के दौरान करणी सेना के सदस्यों द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को काले झंडे दिखाने का प्रयास किया जा रहा है। अब तक नागदा और सीहोर जिले के आष्टा में सीएम चौहान को काले झंडे दिखाने के प्रयास किए गए।

तीन दिन पहले ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विकास यात्रा के लिए नागदा गए थे। नागदा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का रोड शो हो रहा था। इस दौरान करणी सेना के सदस्यों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को काले झंडे दिखाने का प्रयास किया। करणी सेना के सदस्यों की पुलिस से झड़प भी हुई थी।

वहीं हफ्तेभर पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गृह जिले सीहोर के आष्टा में आयोजन था। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का रोड शो हो रहा था। इस दौरान भी करणी सेना के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने के प्रयास किए। करणी सेना के सदस्यों ने शिवराज सिंह वापस जाओ के नारे भी लगाए थे। करणी सेना के प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस प्रशासन ने करणी सेना के सदस्यों को गिरफ्तार कर सीहोर के मंडी थाना भेज दिया था।

करणी सेना के सदस्यों के अनुसार इसी साल 8 जनवरी को राजधानी भोपाल में करणी सेना ने प्रदर्शन किया था। 21 सूत्री मांगों के प्रदर्शन के दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मंत्री अरविंद भदौरिया और नरोत्तम मिश्रा की कमेटी चर्चा के लिए बनाई थी। इस दौरान मांगों को पूरा करने के लिए एक महीने का समय दिया गया था, लेकिन 6 महीने से ज्यादा समय बीत गया है, अब तक मांगें पूरी नहीं हो सकी हैं। इसलिए करणी सेना के सदस्यों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।