MP में देर रात 11 IAS अफसरों के तबादले, सात जिलों के कलेक्टर भी बदले
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले कई जिलों के कलेक्टर बदल दिए गए हैं। वहीं अब आईपीएस अफसरों की तबादला सूची भी जल्द आने वाली है।

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले प्रशासनिक सर्जरी शुरू हो गई है। सीएम शिवराज चुनावी लिहाज से अफसरों की जमावट में जुट गए हैं। रविवार देर रात प्रदेश के 11 IAS अफसरों के ट्रासंफर किए गए हैं। जिनमें सात जिलों के कलेक्टर भी बदल दिए गए हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग ने रविवार देर रात 11 IAS अफसरों की सूची जारी की। तबादला सूची के मुताबिक उज्जैन कलेक्टर आशीष सिंह को अपर सचिव मध्य प्रदेश शासन बनाकर भोपाल भेज दिया गया। उनके अलावा ग्वालियर कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को भी हटा दिया गया है। उनके स्थान पर शिवपुरी कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह को ग्वालियर भेजा गया है, जबकि भोपाल के कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी को शिवपुरी की जिम्मेदारी दी गई है।
भारतीय प्रशासनिक सेवाओं के अधिकारियों की नवीन पदस्थापना
— Jansampark MP (@JansamparkMP) January 29, 2023
----#JansamparkMP pic.twitter.com/BQtvSQ49mk
इसी तरह बड़वानी कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा को खरगोन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सिवनी कलेक्टर डॉ फटिंग राहुल हरिदास को बड़वानी कलेक्टर बनाकर भेजा गया है। खरगोन से कुमार पुरुषोत्तम को स्थानांतरित कर उज्जैन कलेक्टर बनाया गया है।
वहीं नगर निगम आयुक्त जबलपुर आशीष वशिष्ठ को अनूपपुर कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि अनूपपुर कलेक्टर सोनिया मीणा को भोपाल बुलाकर उपसचिव बनाया गया है। सोनिया का विभाग भी तय नहीं हैं। सागर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी क्षितिज सिंघल को सिवनी कलेक्टर बनाया गया है।
माना जा रहा है कि IAS अफसरों की तबादला सूची के बाद अब आईपीएस अफसरों की ट्रांसफर सूची जारी हो सकती है। इस तबादला सूची में एसपी से लेकर आईजी रैंक के अफसरों के नाम शामिल होने के आसार हैं। चुनाव के मद्देनजर शिवराज सरकार के लिए ये तबादले बेहद अहम हैं।