शहडोल में पिकनिक मनाने गए लोगों पर तेंदुए ने किया हमला, एएसआई समेत कई लोग घायल
शोभाघाट के पास पिकनिक मनाने पहुंचे करीब 50 लोगों के समूह पर तेंदुआ ने अचानक हमला कर दिया। घटना में एएसआई नितिन समदरिया, साहित एक युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए।

शहडोल जिले के खितौली गांव में तेंदुए के हमले से एक दर्दनाक हादसा हुआ। रविवार शाम को शोभाघाट के पास पिकनिक मनाने पहुंचे करीब 50 लोगों के समूह पर तेंदुआ अचानक टूट पड़ा। घटना के दौरान शहडोल थाने में पदस्थ एएसआई नितिन समदरिया, आकाश कुशवाहा और नंदिनी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस हमले में कई अन्य लोग भी चोटिल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
घायल आकाश कुशवाहा ने बताया कि जब सभी लोग खाना खाने के बाद लौट रहे थे, तभी तेंदुआ अचानक दौड़ता हुआ दिखाई दिया। पहले तो लगा कि वह भीड़ देखकर भाग जाएगा, लेकिन वह थोड़ी देर बाद दूसरी ओर से वापस आकर हमला करने लगा। तेंदुए ने सबसे पहले आकाश पर हमला किया, जिससे उसकी एक जांघ पर दांतों और पंजों से चोटें आईं।
इसके बाद तेंदुए ने नंदिनी सिंह पर हमला किया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट लगी और खोपड़ी का एक हिस्सा नोंच लिया। वहीं, एएसआई नितिन समदरिया पर तब हमला हुआ, जब वे अन्य लोगों को सुरक्षित करने की कोशिश कर रहे थे। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई, जिससे भागने के दौरान भी कई लोग घायल हो गए।