Congress: MP प्रदेश कार्यालय में राम पूजा

Kamal Nath: राजीव गांधी ने 1989  में कहा था कि रामराज्य लाऊंगा, राम मंदिर बनना चाहिए, आज इसका कोई श्रेय लेने की कोशिश करें तो यह गलत है

Publish: Aug 06, 2020, 10:41 PM IST

भोपाल। अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन के बाद कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में भगवान राम की पूजा की गई। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में रोशनी कर भूमि पूजन पर प्रसन्नता जताई गई। प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने मीडिया से चर्चा में कहा कि आज का दिन देश के लिए ऐतिहासिक है। बहुत समय से हर भारतवासी की आशा थी, आकांक्षा थी कि राम मंदिर का निर्माण हो। आज से राम मंदिर का निर्माण शुरू होने जा रहा है, आज हम सभी के लिये ख़ुशी का क्षण है। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने 1985 में ताला खोला था और यह भावना उस समय से ही जुड़ी थी।

कमलनाथ ने कहा कि राजीव गांधी ने 1989  में कहा था कि रामराज्य लाऊंगा, राम मंदिर बनना चाहिए। यह कोई आज की बात नहीं है और आज इसका कोई श्रेय लेने की कोशिश करें तो यह गलत है। मुझे तो खुशी होती आज जो निर्माण शुरू हुआ है, उसमें अपने देश का हर मुख्यमंत्री होता, अपने देश की हर जाति के प्रतिनिधि होते, हर धर्म के प्रतिनिधि होते क्योंकि यह देश किसी एक का नहीं है, उत्तर का नहीं है, दक्षिण का नहीं है, पूर्व का नहीं है, पश्चिम का नहीं है। आज आयोजन को सीमित किया गया। मुझे पता है कोरोना महामारी फैली हुई है लेकिन व्यवस्था कर 100-150 लोगों को बुलाया जा सकता था।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने कहा कि हमारे देश की पहचान विभिन्नता से है, अनेकता में एकता से है। हमारे देश में कितने धर्म है, कितनी भाषाएं है, कितनी जातियां है, कितने देवी- देवता है,यह विश्व के किसी देश में है? यदि ऐसा किया जाता तो यह देश का नहीं , विश्व का कार्यक्रम होता। पूरा विश्व देखता कि पूरा भारत एक मत से इसके पीछे खड़ा है।