बाबा महाकाल की शरण में पहुंचे दिग्विजय सिंह, कहा- कट सकता है CM शिवराज का टिकट

उज्जैन पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, बाबा महाकाल से की देश प्रदेश की खुशहाली की कामना, घटि्टया विधानसभा में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली में भी हुए शामिल

Updated: Sep 27, 2023, 04:21 PM IST

उज्जैन। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेश कांग्रेस द्वारा राज्य में सात जन आक्रोश यात्राएं निकाली जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह उज्जैन के घटि्टया में निकाली जा रही यात्रा में शामिल हुए। इससे पहले पूर्व सीएम बाबा महाकाल की शरण में पहुंचे और देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

उज्जैन में मीडिया से बातचीत के दौरान पूर्व सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह घबराए हुए हैं। विधानसभा चुनाव में बीजेपी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को टिकट नहीं देगी। उन्होंने कहा कि मुझे कुछ लोगों ने बताया कि भाजपा मध्य प्रदेश में भी मंत्रियों के टिकट काटकर गुजरात जैसा प्रयोग कर सकती है। हालांकि, हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मध्य प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को हटाने का मन बना चुकी है।

BJP के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए थीम सॉन्ग MP के मन में मोदी पर कहा कि यह उनकी घबराहट का प्रमाण है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में लहर है। राज्यसभा सांसद ने भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को फ्लॉप करार देते हुए कहा कि पिछले 20 साल में किसी भी वर्ग के लिए कुछ नहीं किया। अनुसूचित जाति, जनजाति की जमीनें छीन लीं। उन पर अत्याचार किया। जंगल की जमीन पर आदिवासी के पट्टे कैंसिल कर दिए। कौन सा वर्ग उन्हें आशीर्वाद देगा। लोगों में गुस्सा है। लोग दंड देने के लिए बैठे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने शिवराज सरकार पर व्यापारियों से लूट और चंदा वसूली का आरोप लगाया। सिंह ने कहा कि 19 साल बाद इन्हें लाड़ली बहना याद आ रही है। अब तक क्या करते रहे। जब बिजली के बिल की वसूली में कुर्की की, तब मामा जी को अपनी भांजियों और बहनों के पति यानी जीजा जी पर दया नहीं आई। उन्हें जेल भेज दिया। मैं तुम्हारा मामा, मैं तुम्हारा भैया, यह सब इनकी नाटक-नौटंकी है।