यूथ कांग्रेस करेगी भोपाल में प्रदर्शन, बेरोजगारी और आदिवासी अत्याचार के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश

राज्य सरकार के खिलाफ बेरोजगारी, व्यापम घोटाला, आदिवासी वर्ग पर अत्याचार के विरोध में मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन 'युवा शंखनाद', 12 मई को व्यापक विरोध प्रदर्शन

Updated: May 09, 2022, 12:37 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को अब एक वर्ष का ही समय शेष है और विपक्षी दल कांग्रेस का सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होते जाते रहे हैं। राजधानी भोपाल में  12 मई का दिन युवक कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन युवा शंखनाद का साक्षी होगा, प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, व्यापम घोटाले, आदिवासी वर्ग पर अत्याचार, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।

युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ती जा रही है, व्यापम घोटाले में मुख्यमंत्री के OSD के मोबाइल से पेपर लीक होता हैं लेकिन न तो मोबाइल जब्त हुआ और न ही कोई जांच हुई, सरकार के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के कॉलेज से पेपर लीक होता हैं लेकिन कोई कार्यवाही नहीं होती है, कृषि विस्तार अधिकारी परीक्षा घोटाले में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा का नाम सामने आता है, परीक्षा रद्द होती हैं लेकिन कोई कार्यवाही नहीं होती है, इस तरह से युवाओं के भविष्य के साथ राज्य सरकार खिलवाड़ कर रही हैं।

भूरिया ने कहा कि, 'आज प्रदेश की आगनवाड़ी कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है, सिवनी में दो आदिवासियों की बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा हत्या कर दी जाती हैं और नरोत्तम मिश्रा बजरंग दल का बचाव करते दिखते हैं। मौजूदा परिस्थितियों में राज्य सरकार के खिलाफ बेरोजगारी, व्यापम घोटाला, आदिवासी वर्ग पर अत्याचार के विरोध में मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन 'युवा शंखनाद' 12 मई को होगा जिसमें युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीबी श्रीनिवास, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, सभी वरिष्ठ नेता और पूरे प्रदेश के युवक कांग्रेस के 50000 कार्यकर्ता शामिल होंगे।

विरोध का केंद्र भोपाल का रोशनपुरा चौराहा होगा और राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनावी रणनीति को लेकर एक ओर बैठकों का दौर चल रहा हैं वही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में जन जागरण अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा हैं और अभी दिग्विजय सिंह का ग्वालियर दौरा राजनीतिक हलकों में चर्चा का केंद्र रहा।