दिल्ली में बेकाबू DTC बस का कहर, राहगीरों को रौंदती हुई निकली, दो की मौत

दिल्ली के नांगलोई में सोमवार सुबह बेकाबू DTC बस ने कई वाहनों और राहगीरों को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हैं।

Updated: Mar 09, 2026, 06:34 PM IST

दिल्ली। राजधानी दिल्ली के बाहरी इलाके नांगलोई में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नांगलोई-नजफगढ़ रोड पर कमरुद्दीन नगर गांव मोड़ के पास तेज रफ्तार डीटीसी बस अनियंत्रित हो गई और उसने सड़क पर मौजूद लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि, कई लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां एक महिला का इलाज जारी है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और भीड़ ने बसों में तोड़फोड़ कर एक बस को आग के हवाले कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना थाना निहाल विहार क्षेत्र में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डीटीसी बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और पहले दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। इसके बाद बस की चपेट में कुछ पैदल राहगीर भी आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ई-रिक्शा सवार और स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान दो लोगों ने दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें:कूनो में गूंजी किलकारियां, मादा चीता ज्वाला ने 5 शावकों को दिया जन्म, भारत में चीतों की संख्या 50 पार

मृतकों में से एक की पहचान 33 वर्षीय रविकांत के रूप में हुई है जो निहाल विहार के रहने वाले थे। रविकांत मूल रूप से बिहार के जहानाबाद जिले के निवासी थे और दिल्ली में अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार का ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय है। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे वह नांगलोई स्थित एक कंपनी जा रहे थे। वहां उनकी गाड़ियां चलती हैं। उसी दौरान यह हादसा हो गया।

परिजनों के मुताबिक, रविकांत के पीछे उनके भाई शाही भी आ रहे थे। हादसे के बाद सड़क पर गिरी स्कूटी और बीच सड़क पर पड़े जूतों को देखकर उन्होंने अपने भाई की पहचान की। घायल अवस्था में उन्हें पहले पास के अस्पताल ले जाया गया और बाद में पंजाबी बाग स्थित अग्रसेन अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रविकांत निहाल विहार के RZF-354 पते पर अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पत्नी और पांच साल की एक बेटी है।

यह भी पढ़ें:CG: अपनी ही सरकार में असुरक्षित हैं भाजपा विधायक, रिकेश सेन ने बताया जान को खतरा

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साई भीड़ ने एक डीटीसी बस में आग लगा दी और 6 से 7 बसों में तोड़फोड़ कर दी। कई बसों के शीशे भी तोड़ दिए गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। जबकि, पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बस चालक से पूछताछ की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।