लू की चपेट में आधा मध्य प्रदेश, भोपाल के बाद इंदौर में चेंज हुआ स्कूलों का टाइम टेबल

इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने एक आदेश जारी करते हुए सभी सरकारी और निजी स्कूलों के समय में परिवर्तन किया है, अब स्कूलों का समय सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक ही रहेगा

Updated: Apr 06, 2022, 11:55 AM IST

इंदौर। इस साल गर्मी ने मार्च में ही कड़े तेवर दिखाना शुरू कर दिए थे। अब अप्रैल माह की शुरुआत में ही दिन और रात तपने लगे हैं। आधा मध्य प्रदेश लू की चपेट में है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पारा 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। वहीं प्रदेश के कुछ जिलों में भीषण गर्मी पड़ने का अलर्ट भी जारी किया गया है। गर्मी को देखते हुए इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने स्कूलों का समय बदलकर सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक कर दिया है।

इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने बुधवार को एक आदेश जारी करते हुए सभी सरकारी और निजी स्कूलों के समय में परिवर्तन करने का आदेश जारी किया है। इसके तहत अब स्कूलों का समय सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक ही रहेगा। वहीं आंगनबाड़ियों का समय सुबह 8.30 से 11.30 बजे तक किया गया है । उक्त आदेश तत्काल प्रभाव से जिले में लागू कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें: कथावाचक प्रदीप मिश्रा ने खड़ा किया नया विवाद, बोले- सोमेश्वर मंदिर में शिव को कर रखा है कैद

इससे पहले मंगलवार को भोपाल कलेक्टर अविनाश लवनिया ने राजधानी के स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव करने का आदेश जारी किया था। यहां भी स्कूलों की टाइमिंग सुबह सात से दोपहर 12 बजे की गई है। अपने आदेश में भोपाल के डीएम ने कहा कि बढ़ते तापमान से बच्चों की सेहत पर विपरीत असर पड़ सकता है, इसे देखते हुए स्कूलों की टाइमिंग बदली जा रही है।

प्रदेश के आधे शहर लू के थपेड़े झेल रहे हैं। कई शहरों में तो दिन का पारा 43 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 23 डिग्री पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने भी बुधवार को 20 से ज्यादा जिलों को लू के लिए अलर्ट कर दिया है। मंगलवार के तापमान की बात करें तो सागर की रात और खरगौन का दिन सबसे ठंडा रहा। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि अगर ऐसे ही सूरज के तेवर बढ़ते रहे तो स्कूलों में ​गर्मियों की छुट्टियों पर जल्द फैसला हो सकता है।