जोबट में पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया के काफिले पर हमला, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया को भी बनाया निशाना

अलीराजपुर जिले के जोबट इलाके में भगोरिया मेले से वापस लौट रहे पिता-पुत्र कांतिलाल भूरिया और विक्रांत भूरिया को अचानक उपद्रवियों ने घेर लिया और अटैक कर दिया.. पिता-पुत्र तो बच गए मगर उनके ड्राइवर को चोट आयी है

Updated: Mar 17, 2022, 02:41 PM IST

जोबट। मध्य प्रदेश के जोबट से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां गुरुवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस विधायक कांतिलाल भूरिया के काफिले पर बदमाशों ने हमला कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरान भूरिया के बेटे व मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया भी उसी वाहन में मौजूद थे।

मामले पर यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने बताया कि यह घटना उस दौरान हुई जब वे भगोरिया मेले से वापस लौट रहे थे। विक्रांत के मुताबिक भगोरिया उत्सव से जब वे लौट रहे थे तभी अचानक 10 हमलावरों ने उनकी SUV पर पत्थर और डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों के पास धारदार हथियार भी थे। इस दौरान उन्होंने एक हमलावर को धर दबोचा। भगोरिया उत्सव के दौरान कांतिलाल भूरिया और विक्रांत भूरिया

कांग्रेस नेता की दूसरी गाड़ी जो पीछे से आ रही थी उसके ऊपर भी बदमाशों ने हमला किया जिससे ड्राइवर को गंभीर चोटें आई है। ड्राइवर को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि इस हमले के पीछे किसका हाथ है। हालांकि, लोग इसे राजनीति से प्रेरित हमला बता रहे हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने इस घटना को लेकर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांतिलाल भूरिया ने कहा है कि हम उदयगढ़ थाने में शिकायत करने आए हुए हैं। पुलिस हमें सहयोग नहीं कर रही है। उन्होंने जिला प्रशासन पर हमलावरों से मिलीभगत के भी आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया की एक हमलावर को उनके साथ मौजूद लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। बावजूद इसके शिकायत लिखने में पुलिस आनाकानी करती रही।