MP में भी शुरू लड़की हूं, लड़ सकती हूं कैंपेन, नारी शक्ति ने एक दूसरे के माथे पर लगाया तिलक

मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस ने आज मकर संक्रांति के मौके पर लड़की हूं लड़ सकती हूं थीम को किया लॉन्च, महिलाएं बोलीं- बीजेपी सरकार में महिलाओं के खिलाफ व्याप्त अत्याचार और शोषण से दिलाएंगे मुक्ति

Updated: Jan 14, 2022, 11:32 AM IST

इंदौर। लड़की हूं... लड़ सकती हूं' के स्लोगन के साथ प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश के चुनावी अभियान में आगे बढ़ रही हैं। प्रियंका का यह राजनीतिक नारा अब महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सामाजिक आंदोलन का रूप लेता दिख रहा है। इसकी बानगी लखनऊ से सैंकड़ों किलोमीटर दूर मध्य प्रदेश के इंदौर में देखने को मिली है जहां मकर संक्रांति के मौके पर इस नारे का जयघोष किया गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक इंदौर की महिलाओं ने शुक्रवार को एक दूसरे को तिलक लगाकर महिला अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष करने का संकल्प लिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान महिला कांग्रेस की कई कार्यकर्ता भी मौजूद थीं। इसी तरह प्रदेश के कई जिलों में महिलाओं ने तिल का लड्डू बांटकर अभियान को शुरू किया। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष अर्चना जायसवाल ने इस बारे में कहा कि हमने आज ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ फोल्डर का विमोचन किया है। 

जायसवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश में महिला शक्ति को सुदृढ सशक्त बनाने और प्रदेश की बीजेपी सरकार में व्याप्त महिला अत्याचार, शोषण और अपराध से मुक्ति दिलाने के लिए इस कैंपेन की शुरुआत हुई है। पूरे प्रदेश की नारी शक्ति को यह कैंपेन एकजुट करेगा। आज इंदौर की महिलाओं में हमें गजब का उत्साह देखने को मिला है। नारी शक्ति का यह कैंपेन आधी आबादी को उसका हक दिलाने की दिशा में इतिहास का सबसे बड़ा जन आंदोलन साबित होगा।

बता दें कि मध्य प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस कमेटी मिशन मोड में जुट गई है। माना जा रहा है कि इस बार यूपी की तरह मध्य प्रदेश में भी महिलाओं को समाज में बराबरी का अधिकार दिलाने का वादा लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी।