सतना: वैज्ञानिक के घर EOW का छापा, 30 लाख रुपये नकद समेत करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

अभी तक की कार्रवाई में लगभग 30 लाख रुपये नकद, 7 एकड़ का एक फार्म हाउस, 25 लाख के सोने-चांदी के जेवर का खुलासा हुआ है

Updated: May 01, 2022, 12:20 PM IST

सतना। मध्य प्रदेश के सतना के वैज्ञानिक सुशील कुमार मिश्रा के घर छापेमारी में लाखों रूपए के नोटों के बंडल मिले हैं। रीवा EOW ने करीब 30 लाख रूपए नगदी और करोड़ों की संपत्ति बरामद की है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक EOW ने वैज्ञानिक के मारुति नगर के निवास स्थान पर छापा मारा है। सुशील कुमार मिश्रा सतना प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय में पदस्थ हैं। इस छापे में टीआई मोहित सक्सेना और प्रवीण चतुर्वेदी के नेतृत्व में EOW की 25 सदस्यीय टीम शामिल थी।

छापेमारी का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ईओडब्ल्यू के अधिकारी नोटों के बंडल गिन रहे हैं। इनमें 500 रूपए के नोट के बंडल ज्यादा हैं। वहीं कुछ 2000 और अन्य रूपयों के नोट भी दिख रहे हैं।

बताया जा रहा है कि EOW की कार्रवाई अभी जारी है अनुमान है कि अभी और संपत्ति का खुलासा हो सकता है। इस कार्रवाई में लगभग 30 लाख रुपये नकद, 7 एकड़ का एक फार्म हाउस, 25 लाख के सोने-चांदी के जेवर का खुलासा हुआ है। इस कार्रवाई की खबर ने प्रदुषण विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मचा दिया है।

सुशील कुमार मिश्रा सतना प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय में पदस्थ वैज्ञानिक हैं। उनकी सैलरी महज 30 से 35 लाख रूपए तक ही रही है। EOW को उनकी बेनामी संपत्ति की शिकायत मिली थी जिसके बाद EOW की टीम ने उनके मारुति नगर के निवास स्थान पर आज सुबह छापा मारा।