नहीं थम रहा महाकाल लोक में मूर्तियां खंडित होने का मुद्दा, कांग्रेस ने कहा शिव ने खोल दिया है त्रिनेत्र

बाबा महाकाल का रोष देखिये, हल्की सी हवा में ही किस तरह धातुओं की बनी मूर्तियाँ गिरने लगी है। शिवराज जी, आपके पापों पर अब बाबा महाकाल ने भी त्रिनेत्र खोल लिया है: कांग्रेस

Updated: May 29, 2023, 02:26 PM IST

नहीं थम रहा महाकाल लोक में मूर्तियां खंडित होने का मुद्दा, कांग्रेस ने कहा शिव ने खोल दिया है त्रिनेत्र

भोपाल। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकाल लोक में देव प्रतिमाएं खंडित होने का मामला गर्माता जा रहा है। रविवार को हल्की आंधी में नवनिर्मित सप्तऋषियों की 7 में से 6 मूर्तियां खंडित होने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। विपक्षी दल कांग्रेस ने महाकाल लोक निर्माण में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने कहा है कि सीएम शिवराज के पापों पर अब बाबा महाकाल ने भी त्रिनेत्र खोल लिया।

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने उज्जैन में देव प्रतिमाएं गिरने का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "बाबा महाकाल का रोष देखिये, हल्की सी हवा में ही किस तरह धातुओं की बनी मूर्तियाँ गिरने लगी है। शिवराज जी, आपके पापों पर अब बाबा महाकाल ने भी त्रिनेत्र खोल लिया है। मध्यप्रदेश को अब और अधिक नहीं बिकने देंगे। ॐ नम: शिवाय।"

बता दें कि मध्य प्रदेश के उज्जैन में रविवार को आंधी और बारिश के कारण महाकाल लोक में बड़ा नुकसान हुआ है। यहां नवनिर्मित सप्तऋषियों की 7 में से 6 मूर्तियां खंडित हो गईं। गनीमत रही की वहां मौजूद श्रद्धालु बाल-बाल बच गए। इस घटना के बाद महाकाल लोक निर्माण कार्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने घटिया निर्माण का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा महाकाल के नाम पर भी पैसे खा गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अक्टूबर 2022 में उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर के नए परिसर महाकाल लोक का लोकार्पण किया था। यहां सप्तर्षियों की बड़ी-बड़ी प्रतिमाएं स्थापित की गई थी। 10 से 25 फीट ऊंची ये मूर्तियां लाल पत्थर और फाइबर रेनफोर्स प्लास्टिक (एफआरपी) से बनी हैं। प्रतिमा निर्माण का ठेका गुजरात की एक कंपनी को दिया गया था। हैरानी की बात ये है कि उद्घाटन के कुछ ही महीनों बाद ये मूर्तियां मामूली हवाओं से खंडित हो गई। ऐसे में अरबों रुपए के इस प्रोजेक्ट में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी की आशंका जताई जा रही है।