जबलपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 11 कर्मचारी झुलसे, बारूद का मिश्रण हो रहा था तैयार

मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार को एक ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 11 कर्मचारी घायल हो गए। इस हादसे में घायल कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती किया है।

Updated: Sep 29, 2022, 12:42 PM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है। गुरुवार को यहां एक ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में आग लग गई। इस दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे 11 कर्मचारी झुलस गए। सभी घायलों को आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया है। बताए जा रहा है कि यह हादसा तब हुआ जब फैक्ट्री में बारूद का मिश्रण तैयार किया जा रहा था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक केंद्रीय सुरक्षा संस्थान ऑर्डनेंस फैक्ट्री खमरिया में एफ-6 सेक्शन की बिल्डिंग नंबर 637 में लगी। आग देख फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों के मुताबिक फैक्ट्री के जिस फिलिंग-6 सेक्शन में आग लगी थी, उस सेक्शन में मेल्टर मशीन से बारूद को मिक्स करने के बाद पिघलाने का काम किया जाता है। पिघले हुए बारूद को ट्रे में रखते समय बारूद में आग लगी और हादसा हो गया।

यह भी पढ़ें: दिग्विजय सिंह और शशि थरूर के बीच होगा फाइनल मुकाबला, अशोक गहलोत नहीं लड़ेंगे चुनाव

आग से झुलसे कर्मचारी करन आर्या ने बताया कि दोपहर में साथियों के साथ काम कर रहा था। कुछ साथी बिल्डिंग के भीतर थे। अचानक भीतर से धुआं निकलते देखा। जब तक कुछ समझ पाता, आग भड़क गई। सभी लोग यहां-वहां भागने लगे। दो साथी तो जलते हुए बाहर भागे। उस समय ऐसा लग रहा था जैसे पूरा सेक्शन आग के हवाले हो गया हो।