अधिकारी ने काम करने के बदले शारिरिक संबंध बनाने की रखी शर्त, बोला, साथ दोगी तो आसमान पर बैठा दूंगा

मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के रीजनल मैनेजर एनके स्वर्णकार पर कैंटीन संचालिका ने लगाया शारिरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने का आरोप

Updated: Mar 24, 2021, 05:56 AM IST

Photo Courtesy: UNSW
Photo Courtesy: UNSW

भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के रीजनल मैनेजर एनके स्वर्णकार पर एक कैंटीन संचालिका ने छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने कहा है कि स्वर्णकार ने काम करने के बदले शारिरिक संबंध बनाने की शर्त रखी है। महिला ने यह भी दावा किया है कि ऐसा करने से मना करने की वजह से उनके कांट्रेक्ट को रिन्यू नहीं किया जा रहा है। कैंटीन संचालिका ने यह भी आरोप लगता है कि मैनेजर अब उनके स्टाफ को भी परेशान कर रहा है।

पीड़ित महिला के मुताबिक वह मैनेजर के पास कैंटीन के अकाउंट क्लियरेंस के लिए गई थी। महिला का आरोप है कि इस दौरान मैनेजर ने उनसे कहा कि मैडम आपमें आकर्षण बहुत है। मैं आपसे मित्रता करना चाहता हूं। अगर मेरा साथ दोगी तो जमीन से आसमान पर बैठा दूंगा। मेरे पास कई और प्रोजेक्ट हैं। वहां दुकान खुलवा देंगे। आगे आप समझदार हैं। आप मेरा सहयोग करेंगी तो मैं आपका सहयोग करूंगा।'

महिला ने बताया कि कैंटीन में अकाउंटेंट की गलती से कुछ नुकसान हो गया था। इसके क्लियरेंस के लिए वह निगम के डायरेक्टर विश्वनाथ और केशव राव प्रसाद से मिली। उन्होंने बताया कि मिंटो हाल में एरिया मैनेजर एनके स्वर्णकार बैठते हैं। उनसे ही जाकर इस संबंध में बात करना होगी। एक नवंबर 2020 को जब महिला उनसे मिलने पहुंची, तब उन्होंने इस तरह की बात की।

यह भी पढ़ें: विष्णु पुराण से शुरू होकर मोदी पुराण सुनाने लगे केंद्रीय मंत्री, दिग्विजय सिंह का तंज

महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद जब भी वह मैनेजर से मिलने जाती तब मैनेजर उन्हें ऐसी बातें कहकर प्रताड़ित करता था। इस वजह से वह मानसिक तनाव से गुजरने लगी। महिला इसके बाद अकेले कार्यलय जाने से भी डरती थी। कैंटीन संचालिका ने पुलिस को बताया कि आरोपी मैनेजर ने कई बार उनसे छेड़छाड़ तक की। इतना ही नहीं उनके कांट्रैक्ट को अब रिन्यू भी नहीं किया जा रहा है और कैंटीन में काम करने वाले स्टाफ को भी परेशान किया जा रहा है।

महिला की शिकायत पर राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद पुलिस ने मैनेजर पर छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। जहांगीराबाद थाना इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि 28 वर्षीय महिला की मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के एक प्रोजेक्ट में कैंटीन चलाती है। यह मामला 5 महीने पुराना है। मामला संदिग्ध होने से उसे जांच में लिया है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।