K N Pradhan : के.एन. प्रधान की याद में खुला डेंटल हॉस्पिटल

Bhopal News : भोपाल के पूर्व सांसद केएन प्रधान की पुण्य तिथि पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, कमलनाथ ने किया के.एन. प्रधान मेमोरियल तथास्तु डेंटल हॉस्पिटल का उद्घाटन

Publish: Jul 18, 2020, 05:13 AM IST

मध्यप्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और भोपाल के पूर्व सांसद केएन प्रधान की पुण्य तिथि पर भोपाल में एक डेंटल अस्पताल आरम्भ हुआ। के.एन. प्रधान मेमोरियल तथास्तु डेंटल हॉस्पिटल पूर्व सांसद स्वर्गीय के.एन. प्रधान की स्मृति में उनकी पोती डॉक्टर करिश्मा प्रधान देवेंद्र ने शुरू किया है।  

भोपाल के कोलार रोड स्थित इस अस्पताल का उद्घाटन प्रदेश के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों दिग्विजय सिंह और कमलनाथ ने किया। इस मौके पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी. प्रजापति, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा औऱ पीसी शर्मा उपस्थित थे। इस अस्पताल में दांतों के इलाज की आधुनिक तकनीक मौजूद हैं।

इससे पहले राज्य सभा सदस्य दिग्विजय सिंह और अन्य नेताओं ने बाणगंगा स्थित प्रधान चौराहे पर स्थापित पूर्व सांसद केएन प्रधान की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। स्वर्गीय के. एन. प्रधान 1969 से 1972 तक मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और आठवीं लोकसभा में भोपाल सांसद भी रह चुके हैं।