MP By Poll 2020: शिवराज चौहान ने सभा में पूछा मुख्यमंत्री कौन पसंद हैं, जनता बोली कमलनाथ

Shivraj Singh Chouhan: शिवराज सिंह चौहान की सभा का वीडियो वायरल, कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह की चुटकी, जनता खड़ी जिनके साथ, उनका नाम है कमलनाथ

Updated: Nov 25, 2020, 02:24 PM IST

भोपाल। 20 सितंबर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंदसौर के दौरे पर थे। वहां उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए स्वयं को टेम्परेरी मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने कहा कि जब हरदीप सिंह जीतेंगे तब जाकर वे परमानेंट हो पाएंगे। सोशल मीडिया पर इस सभा का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें मुख्यमंत्री की पसंद के सवाल पर जनता ने शिवराज सिंह चौहान के जगह कमल नाथ का नाम लिया है। 

इस वीडियो को कांग्रेस ने शेयर किया है। कांग्रेस ने कहा है कि इस वीडियो में शिवराज चौहान के सवाल पर लोगों ने कमलनाथ को अपनी पसंद बताया है। कांग्रेस ने उस वीडियो को ट्वीट करते हुए लिखा है कि एमपी उपचुनाव का परिणाम घोषित। मंदसौर के सुवासरा पहुंचे सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जनता से पूछा कि सीएम के रूप में शिवराज सिंह चौहान अच्छा या कमलनाथ, जनता ने एक स्वर में कहा कि कमलनाथ। जनता खड़ी जिनके साथ, उनका नाम है कमलनाथ। कांग्रेस का यह वीडियो 12 सेकंड का है। में मुख्यमंत्री ने जनता से पूछा कि आप लोगों को मुख्यमंत्री के रुप में कौन पसंद हैं। शिवराज सिंह या कमलनाथ। सभा में मौजूद लोगों ने कमलनाथ का नाम लिया।

इस पर राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने भी चुटकी लेते हुए कहा है कि मध्यप्रदेश उपचुनाव का परिणाम घोषित’। मंदसौर के सुवासरा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जब जनता से पूछा कि मुख्यमंत्री के रूप में शिवराज चौहान अच्छा या कमलनाथ, जनता ने एक स्वर में कहा कमलनाथ।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में 28 सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं। इनमें से 16 विधानसभा क्षेत्र ग्वालियर-चंबल संभाग के हैं। मध्य प्रदेश में यह पहली बार है जब एक साथ 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने वाला है। आपको बता दें कि कांग्रेस ने प्रत्याशियों की एक लिस्ट जारी कर दी है। वहीं जल्द ही एक और लिस्ट आने वाली है। कांग्रेस को मुरैना जिले की जौरा, सुमावली, मुरैना, भिंड जिले की मेहगांव, ग्वालियर जिले की ग्वालियर पूर्व, शिवपुरी जिले की पोहरी, अशोक नगर जिले की मुंगावली, सागर जिले की सुरखी, छतरपुर जिले की बड़ा मलहरा, खंडवा जिले की मंधाता, धार जिले की बदनावर और मंदसौर की सुवासरा विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशी तय करने हैं।

फिलहाल दिमनी से रवींद्र सिंह तोमर, अंबाह से सत्यप्रकाश सकवार, गोहद से मेवाराम जाटव, ग्वालियर से सुनील शर्मा, डबरा से सुरेश राजे, भांडेर से फूलसिंह बरैया, करैरा से प्रागीलाल जाटव, बमोरी से कन्हैयालाल अग्रवाल, अशोकनगर से आशा दोहरे, अनूपपुर से विश्वनाथ सिंह कुंजाम, सांची से मदनलाल चौधरी अहिरवार, आगर से विपिन वानखेड़े, हाट पीपल्या से रणवीर सिंह बघेल, नेपानगर से रामकिशन पटेल और सांवेर से प्रेमचंद गुड्डू को प्रत्याशी बनाया गया है।