MP कांग्रेस जिलाध्यक्ष को जान से मारने की धमकी, कॉलर ने कहा- गोली मारकर चीथड़े उड़ा दूंगी

पन्ना से कांग्रेस जिलाध्यक्ष शारदा पाठक को जान से मारने की धमकी मिली है, रानी पाठक नाम की एक महिला ने कहा कि मैं तुम्हें गोली मार दूंगी

Updated: Apr 18, 2023, 04:05 PM IST

पन्ना। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पूर्व विपक्षी नेताओं के उत्पीड़न का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी बीच अब कांग्रेस की एक जिलाध्यक्ष को जांच से मारने की धमकी मिली है। मामला पन्ना जिले का है। यहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष शारदा पाठक को कॉल पर जान से मारने की धमकी मिली है।

दरअसल, इन दिनों पन्ना जिला में कांग्रेस की नवगठित कार्यकारणी को लेकर गहमा गहमी का माहौल है। जम्बो कार्यकारणी गठित होने के बाद से स्थानीय कांग्रेस नेता और जिलाध्यक्ष सुर्खियों में हैं। इसी बीच कांग्रेस की जिलाध्यक्ष शारदा पाठक ने जान से मारने की धमकी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पुलिस को जानकारी देते हुए शारदा पाठक ने बताया है कि एक मोबाइल नंबर से उन्हें रात में कॉल आया था। उठा नहीं पाने के बाद सुबह उन्होंने कॉल किया तो एक महिला ने रिसीव कर कहा कि मैं रानी पाठक बोल रही हूं। गोली मार कर चीथड़े उड़ा दूंगी। किसी काम के लायक नहीं रहोगी। 

यह भी पढ़ें: मिशन 2023 के लिए कांग्रेस का मास्टर प्लान, 16 नेता प्रदेशभर में चलाएंगे परिवर्तन संकल्प अभियान

जिलाध्यक्ष शारदा पाठक के मुताबिक जब उन्होंने कॉलर से पूछा कि मेरी तुमसे क्या बुराई है तो अश्लील गालियां देते हुए फोन काट दिया। इसके बाद शारदा पाठक ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना में लिया है। 

शारदा पाठक ने 1996 में पार्षद पद से अपने कैरियर की शुरुआत की थी। इसके बाद प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और फिर 2010-2015 के कार्यकाल में पन्ना नगर पालिका अध्यक्ष भी रहीं हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बीते दिनों बनी नगरीय निकाय चुनावों की समिति में उन्हें भोपाल नगर निगम का सह प्रभारी भी बनाया था।