कांग्रेस सबको साथ लेकर चलती है, संयुक्त प्रेस वार्ता में दिग्विजय सिंह ने बताया कांग्रेस का रोडमैप

दिग्विजय सिंह ने कहा, बीजेपी जितना अपनी रैलियों में खर्च करती है उतना वो आदिवासियों पर खर्च नहीं करती

Updated: Apr 10, 2024, 01:55 PM IST

भोपाल। बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस प्रेस वार्ता में राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, विवेक तन्खा, पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी, अरुण यादव, उमंग सिंघार सहित अन्य नेता मौजूद रहे। इस प्रेस वार्ता का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस के न्याय पत्र से सभी को अवगत कराना था।

कांग्रेस सबको साथ लेकर चलती है : दिग्विजय सिंह 

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जिसका विश्वास सभी को साथ लेकर चलने में है। मेरे ट्विटर हैंडल पर भी यही टैगलाइन है - आपकी हिस्सेदारी मेरी जिम्मेदारी। कांग्रेस पार्टी इसी सोच के अनुरूप हिस्सेदारी की मूल रूप से गारंटी दे रही है। सामाजिक और राजनीतिक हिस्सेदारी को सुनिश्चित करने के लिए जातिगत जनगणना की भूमिका सबसे अहम होगी। कांग्रेस नेता ने कहा कि सामान्यतः हर दस वर्ष में जनगणना होनी चाहिए लेकिन बीजेपी ने 2021 के आंकड़े भी जारी नहीं किए। 

रैलियों जितना पैसा भी आदिवासियों के लिए खर्च नहीं करती बीजेपी 

दिग्विजय सिंह ने कहा कि बीजेपी की सरकार जब से आई है तब से उसने आदिवासियों के अधिकार छीन लिए हैं। जितना आम तौर पर बीजेपी अपनी चुनावी रैलियों में खर्च करती है, उतना वो आदिवासियों के हित के लिए खर्च नहीं करती। दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर आदिवासियों को कानूनी तौर पर अधिकार दिए जाएंगे। वहीं एक साल के भीतर वन अधिकार के मामलों का निपटारा कर दिया जाएगा। 

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी ने दो बार इस देश की यात्रा कर देश के दर्द को ना सिर्फ समझा बल्कि उन्होंने उसे जिया भी। हम जनता को पांच न्याय देने जा रहे हैं, जिसमें युवा, नारी, किसान, श्रमिक और हिस्सेदारी न्याय है। इसके तहत कुल 25 गारंटियां भी हमने दी हैं और हमारा वादा है कि सरकार आने पर केंद्र सरकार में खाली 30 लाख पदों को भरा जाएगा। 

वहीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल ने कहा कि गरीब परिवार की महिलाओं को सलाना एक लाख रुपए दिए जाएंगे। हर पंचायत में अधिकार सहेली नियुक्त की जाएगी जो महिलाओं को अधिकारों और कानून की जानकारी देंगी। 

मीडिया की स्वतंत्रता के लिए बनेगा कानून : विवेक तन्खा 

कांग्रेस नेता विवेक तन्खा ने कहा कि कांग्रेस मीडिया की स्वतंत्रता को सुनिश्चित करने के लिए कानून लेकर आएगी। इसके सास ही कांग्रेस नेता ने बीजेपी पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का भी मामला उठाया। कांग्रेस नेता ने कहा कि बीजेपी यही चाहती है कि वो कांग्रेस का पूरा पैसा हड़प ले ताकि कांग्रेस चुनाव ही ना लड़ पाए। उन्होंने कहा बीजेपी कश्मीर लोगों की तो बात करती है लेकिन वहां चुनाव नहीं करती। 

किसान विरोधी है बीजेपी : अरुण यादव 

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा कि बीजेपी किसानों से वादा तो जरूर करती है लेकिन उन्हें पूरा नहीं करती। धान और गेहूं पर किसानों को 3100 और 2700 रुपए का समर्थन मूल्य आज तक नहीं मिल पाया। मनमोहन सिंह की सरकार ने भू अधिग्रहण कानून लागू किया था। कांग्रेस की सरकार के दौरान कपास का भाव दस हजार रुपए प्रति क्विंटल था, लेकिन आज स्थिति यह है कि कपास पांच हजार रूपए प्रति क्विंटल मिल रहा है।