एमपी के श्रद्धालुओं की बस रामेश्वरम में दुर्घटनाग्रस्त, दो महिलाओं की मौत, 19 घायल, सीएम मोहन यादव ने किया मुआवजे का ऐलान

दर्शन करने के लिए रामेश्वरम जा रहे एमपी के श्रद्धालुओं से भरी बस की मदुरई में एक अन्य बस से भीषण टक्कर हो गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई।

Publish: Jan 14, 2024, 10:09 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं को लेकर रामेश्वरम (तमिलनाडु ) गई एक बस शनिवार रात हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में उज्जैन और धार की एक एक महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। वहीं अलग अलग शहरों के 19 श्रद्धालु घायल हैं। वहीं घायलों का रामेश्वरम और मदुरै के अस्पताल में इलाज चल रहा है।

 जिसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने प्रशासन को मृतक तथा घायलों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।‌ साथ ही प्रशासन की एक टीम मदुरै रवाना हुई है। अधिकारियों का दल सीएम के निर्देश मिलते ही मदुरै रवाना हो गया।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख, गंभीर रूप से घायलों को ₹2-2 लाख तथा सामान्य घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश प्रशासन को दिए हैं। साथ ही घायलों के समुचित उपचार के लिए भी निर्देशित किया है।

उन्होंने बस दुर्घटना का समाचार मिलते ही उज्जैन कलेक्टर और पुलिस प्रशासन से दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर और सीएसपी को उज्जैन से मदुरै भेजा गया है।