MP Elections 2023: विधायक केदारनाथ शुक्ला ने बढ़ाई भाजपा की मुश्किलें, सीधी से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान

भाजपा ने सांसद रीति पाठक को विधानसभा चुनावों में टिकट दिया है, इसी बात से नाराज होकर केदारनाथ शुक्ला ने भाजपा से अलग होकर चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है।

Updated: Oct 18, 2023, 11:21 AM IST

सीधी। विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में बगावत रोकना भाजपा के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। पार्टी के घोषित प्रत्याशियों का बड़े स्तर पर विरोध हो रहा है। इसी बीच अब सीधी से विधायक केदारनाथ शुक्ला ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी है। शुक्ला ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।

भाजपा ने सीधी विधानसभा सीट से सांसद रीति पाठक को विधानसभा चुनावों में टिकट दिया है, इसी बात से नाराज होकर केदारनाथ शुक्ला ने भाजपा से अलग होकर चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। सीधी विधायक केदारनाथ शुक्ला टिकट न मिलने के बाद से ही जिले में न्याय यात्रा निकाल रहे थे। बम्हनी गांव में न्याय यात्रा के समापन के दौरान उन्होंने चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया।

बता दें कि कुछ समय पहले विधायक केदारनाथ शुक्ला के क्षेत्र में पेशाब कांड की घटना सामने आई थी, जिसने पूरे देश में तहलका मचा दिया था। पेशाब कांड में आरोपी विधायक जी का प्रतिनिधि था। माना जा रहा है कि इसी वजह से बीजेपी ने इस बार उनका टिकट काट दिया है और सांसद रीति पाठक पर दांव लगाया है।