MP Exit polls: देश विजन से चलता है, टेलीविजन से नहीं, एग्जिट पोल्स पर कमलनाथ की प्रतिक्रिया

बहुत से एग्जिट पोल में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनती हुई दिखाई दी है जबकि कुछ एग्जिट पोल अन्य तरह की बात कर रहे हैं। आपको इस सबसे अपना ध्यान भटकने नहीं देना है: कमलनाथ

Updated: Dec 01, 2023, 12:09 AM IST

भोपाल। देश के पांच राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम की वोटिंग पूरी हो चुकी है। चुनाव परिणाम 3 दिसंबर घोषित होंगे, लेकिन उससे पहले गुरुवार को तमाम एजेंसियों ने एग्जिट पोल जारी किए हैं। मध्य प्रदेश को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। एग्जिट पोल्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कमलनाथ ने कहा कि देश विजन से चलता है, टेलीविजन से नहीं।

कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं को मैं उनका बल याद दिलाना चाहता हूं। आप लोग कांग्रेस की शक्ति हैं और आपकी मेहनत और समर्पण से ही जनता ने कांग्रेस पार्टी के समर्थन में जमकर वोट डाला है। 3 दिसंबर को जब मतगणना शुरू होगी तो कांग्रेस की सरकार पर जनता की मोहर लग जाएगी। मैंने हमेशा आपसे कहा है कि देश विजन से चलता है, टेलीविजन से नहीं।'

पीसीसी चीफ ने आगे लिखा, 'बहुत से एग्जिट पोल में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनती हुई दिखाई दी है जबकि कुछ एग्जिट पोल अन्य तरह की बात कर रहे हैं। आपको इस सबसे अपना ध्यान भटकने नहीं देना है। अर्जुन की तरह आपको निगाहें सिर्फ अपने लक्ष्य पर रखनी है। आपको अपना पूरा ध्यान मतगणना के दिन पर लगाना है और यह सुनिश्चित करना है कि कांग्रेस को मिला एक-एक वोट सही से गिना जाए और प्रदेश में प्रचंड बहुमत से कांग्रेस की सरकार बने। जय कांग्रेस, विजय कांग्रेस।'

एग्जिट पोल्स पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'एग्जिट पोल के नतीजे इतने डायवर्स है कि उसमें कुछ कह नहीं सकते, इतना मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को 130 से ज्यादा सीटें मिलेगी। स्पष्ट बहुमत मिलेगा। लोगों में एक बदलाव की भावना थी। जनता यह चुनाव लड़ी है। कांग्रेस का छोटा कार्यकर्ता चुनाव लड़ा है। शिवराज सिंह चौहान उनके झूठे वादों से और भारतीय जनता पार्टी के दुष्कर्मों से, भारतीय जनता पार्टी के कुशासन से लोग बाग ऊब चुके हैं।'