MP News: धार में ओवरटेक करने के चक्कर में बस की ट्राले से हुई भिड़ंत, 20 यात्री घायल, 3 की हालत गंभीर

धार में यात्री बस ट्राले को ओवरटेक करने के चक्कर में उसी से टकरा गई। इस हादसे में 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Updated: Apr 23, 2024, 11:50 AM IST

धार। धार में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक यात्री बस ट्राले को ओवरटेक करने के चक्कर में उसी से टकरा गई। इस हादसे में 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। वही करीबन एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को निकाला गया, लेकिन उसका पैर कट गया। हादसा इतना भीषण था की बस नदी में गिरते गिरते बच गई, नहीं तो और बड़ा हादसा हो सकता था।

ये हादसा खलटाका पुलिस चौकी का बताया जा रहा है। जहां सुबह खलघाट पुल पर मुंबई से इंदौर की ओर जा रही हंस ट्रेवल्स की बस क्रमांक एन एल 07बी 0694 हादसे का शिकार हो गई। बताया गया कि ओवर टेक करने के चक्कर में बस आगे जा रहे ट्राले में घुस गई। बस में करीब 52 यात्री सवार थे, जिसमें करीब 20 यात्री घायल हुए हैं। तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जिसके बाद सूचना मिलते ही खलटाका चौकी प्रभारी रितेश तायडे और थाना प्रभारी रामेश्वर ठाकुर मौके पर पहुंचे। सभी यात्रियों को निकालकर एंबुलेंस की मदद से धार जिले के धामनोद स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। जहां सभी का इलाज चल रहा है।