भाजपा नेताओं ने जो किया है वो सोच कर ही मन पीड़ा से भर गया, सागर की घटना पर बोले राहुल गांधी
यह शर्म की बात है कि भाजपा के राज में सरकार पीड़ित महिलाओं की जगह हमेशा उनके गुनहगारों के साथ खड़ी मिलती है। ऐसी घटनायें हर उस इंसान की हिम्मत तोड़ देती हैं जिसके पास इंसाफ की गुहार लगाने के लिए सिवाय कानून के और कोई रास्ता नहीं होता: राहुल गांधी

सागर। मध्य प्रदेश के सागर में दलित परिवार के साथ हुई क्रूरता की घटना पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने कानून का राज खत्म कर दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश में इस दलित परिवार के साथ भाजपा नेताओं ने जो किया है वो सोच कर ही मन पीड़ा और क्रोध से भर गया।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि यह शर्म की बात है कि भाजपा के राज में सरकार पीड़ित महिलाओं की जगह हमेशा उनके गुनहगारों के साथ खड़ी मिलती है।ऐसी घटनायें हर उस इंसान की हिम्मत तोड़ देती हैं जिसके पास इंसाफ की गुहार लगाने के लिए सिवाय कानून के और कोई रास्ता नहीं होता। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं, कि हम एक ऐसी व्यवस्था बनाएंगे जहां कमज़ोर से कमज़ोर व्यक्ति भी अत्याचार के खिलाफ अपनी आवाज़ मज़बूती से उठा सकेगा। हम न्याय को दौलत और ताकत का मोहताज नहीं बनने दे सकते।
नरेंद्र मोदी ने ‘कानून का राज’ खत्म कर दिया है।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 28, 2024
मध्यप्रदेश में इस दलित परिवार के साथ भाजपा नेताओं ने जो किया है वो सोच कर ही मन पीड़ा और क्रोध से भर गया।
यह शर्म की बात है कि भाजपा के राज में सरकार पीड़ित महिलाओं की जगह हमेशा उनके गुनहगारों के साथ खड़ी मिलती है।
ऐसी घटनायें हर… https://t.co/rNpn5OAiOZ
दरअसल यह पूरा मामला सागर जिले की खुरई विधानसभा के बरोदिया नोनागिर गांव का है। जहां पांच दबंगों ने एक शख्स को मार-मारकर घायल कर दिया। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। चाचा का शव लेकर जा रही भतीजी पुलिस की मौजूदगी में बीच रास्ते में अचानक एंबुलेंस से गिर गई जिससे उसकी भी रहस्मयी मौत हो गई। मृतिका दलित लड़की के भाई को बीते साल बदमाशों ने सरेआम मौत के घाट उतार दिया था।
साल 2019 में युवती ने आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ की एफआईआर दर्ज कराई थी। इसी मामले में राजीनामे का दबाव बना रहे दबंगों ने पिछले साल अगस्त में उसके भाई की हत्या कर दी। अभी तीन दिन पहले आरोपियों के परिजनों ने उसकी चाचा की हत्या कर दी। वहीं, चाचा की शव के साथ आ रही युवती की भी एंबुलेंस से गिरकर मौत हो गई। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह युवती के अंतिम संस्कार में शामिल होने उसके गांव पहुंचे थे। सिंह ने पिछले साल भी युवती के भाई की हत्या के बाद परिजनों से उनके घर जाकर मुलाकात की थी।