ग्वालियर में महिला का नग्न और अधजला शव मिला, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

ग्वालियर में शनिवार सुबह एक महिला का निर्वस्त्र अधजला शव मिला है। आशंका है कि दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या की गई और पहचान छिपाने के लिए लाश जला दी गई है।

Updated: Dec 09, 2023, 04:53 PM IST

ग्वालियर। ग्वालियर में शनिवार सुबह एक महिला का निर्वस्त्र अधजला शव मिला है। आशंका है कि दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या की गई और पहचान छिपाने के लिए लाश जला दी गई है। महिला का चेहरा भी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो रहा है। पुलिस दुष्कर्म और हत्या के एंगल पर पड़ताल कर रही है, क्योंकि महिला का शव निर्वस्त्र हाल में मिला है।

शहर के सिटी सेंटर स्थित मेट्रो टॉवर के पीछे रजिस्ट्री कार्यालय रोड के पास एक खाली प्लॉट में महिला का निर्वस्त्र शव पड़े होने की सूचना DIAL 100 पर शनिवार सुबह आई थी। जिस पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस सहित अन्य अधिकारी स्पॉट पर पहुंचे। पुलिस अफसरों ने स्पॉट देखा तो प्रारंभिक दृश्य में ही साफ नजर आ रहा था कि महिला के साथ कुछ गलत काम कर उसकी बेरहमी से हत्या की गई है।

पुलिस अफसरों ने तत्काल पड़ताल के लिए फोरेंसिक टीम, फिंगर प्रिंट टीम, डॉग टीम को मौक पर बुलाया है। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने बारीकी से घटना स्थल की जांच की है। खाली प्लॉट पर महिला का शव निर्वस्त्र पड़ा था, लेकिन कुछ दूरी पर उसके कपड़े रखे हुए हैं। वहां एक दो रुपए का नोट व सिक्का रखा है। लाश के पास देशी शराब के तीन क्वार्टर रखे हुए हैं।

पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि महिला की उम्र 35 साल के लगभग है। उसके साथ पहले दुष्कर्म किया गया है फिर देशी शराब उसके ऊपर डालकर आग लगा दी गई है। जिससे उसकी मौत हो गई है। देशी शराब में एल्कोहल कम होता है इसलिए महिला का आधा शरीर ही जला है। इसके अलावा महिला के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है। प्रारंभिक जांच में यह भी साफ है कि महिला की हत्या इस स्पॉट पर नहीं हुई है। हत्या कर शव यहां लाया गया है। स्पॉट पर कुछ वाहनों के पहियों के भी निशान मिले हैं।

महिला के कपड़ों के पास से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें कुछ युवकों के नाम है और सुसाइड नोट लिखने वाली खुद को माया कह रही है। उसमें लिखा है कि मुझे उससे बात नहीं करनी चाहिए थी। वह इस तरह का इंसान है। अब मैं फंस गई हूं, इसलिए मैं जीना नहीं चाहती। इस सुसाइड नोट पर 7 नवंबर 2023 तारीख लिखी है। पुलिस यही नहीं समझ पा रही कि पिछले महीने की तारीख कैसे लिखी है। पुलिस को आशंका है कि महिला का यह सुसाइड नोट पुलिस को भ्रमित करने के लिए प्लान किया गया है। बहरहाल, पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल कर रही है।