राज्यसभा चुनाव 2026: मध्य प्रदेश में भाजपा ने उतारा तीसरा उम्मीदवार, महेश केवट पर खेला दांव
भाजपा के तीसरे उम्मीदवार के मैदान में उतरने के बाद कांग्रेस को पार्टी में बगावत की चिंता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस पार्टी अपने विधायकों को तेलंगाना शिफ्ट कर सकती है।
भोपाल। मध्य प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट का मुकाबला दिलचस्प हो गया है। भाजपा ने कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के सामने मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश केवट को अपना प्रत्याशी बनाया है। ये दोनों प्रत्याशी सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक भाजपा के तीसरे उम्मीदवार को लेकर रविवार शाम मुख्यमंत्री निवास में करीब एक घंटे तक बैठक चली। इसमें चुनावी रणनीति और नामांकन प्रक्रिया पर चर्चा हुई। बैठक के बाद महेश केवट के नाम पर अंतिम सहमति बनी।
वहीं, भाजपा के तीसरे उम्मीदवार के मैदान में उतरने के बाद कांग्रेस को पार्टी में बगावत की चिंता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस पार्टी अपने विधायकों को तेलंगाना शिफ्ट कर सकती है।
बता दें कि राज्यसभा की तीसरी सीट जीतने के लिए कांग्रेस को 58 वोट मिलना जरूरी है। पार्टी के पास फिलहाल 63 वोट हैं। बीएपी का समर्थन मिला तो कुल 64 वोट हो जाएंगे। यानी जरूरी 58 वोट से 6 ज्यादा।
वहीं भाजपा के पास 48 वोट है। ऐसे में जीत के लिए उसे 10 अतिरिक्त वोट चाहिए। अर्थात कम से कम 10 विधायकों की क्रॉस वोटिंग या विपक्षी खेमे से उतना ही अतिरिक्त समर्थन चाहिए।




