मोहन कैबिनेट में वन एवं पर्यावरण मंत्री होंगे रामनिवास रावत, शपथ के 13 दिन बाद मिला विभाग

रावत को सौंपे गए विभाग वन और पर्यावरण का बजट 4 हजार 725 करोड़ रुपए का है। विभाग अभी मंत्री नागर सिंह चौहान के पास था।

Updated: Jul 21, 2024, 06:36 PM IST

भोपाल। कांग्रेस से पाला बदलकर भाजपा में शामिल हुए रामनिवास रावत को मोहन कैबिनेट में वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। शपथग्रहण के करीब 13 दिन बाद उन्हें विभाग आवंटित किया गया है।

दरअसल, मध्य प्रदेश में रविवार को मोहन कैबिनेट में बड़ा बदलाव किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों की जिम्मेदारी में बदलाव किया। अब कैबिनेट मंत्री रामनिवास रावत वन विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। वन विभाग के साथ ही उनके पास पर्यावरण डिपार्टमेंट की जिम्मेदारी भी रहेगी।

रावत को सौंपे गए विभाग वन और पर्यावरण का बजट 4 हजार 725 करोड़ रुपए है। ये विभाग अभी मंत्री नागर सिंह चौहान के पास थे। नागर सिंह चौहान के पास अब अनुसूचित जाति कल्याण विभाग बचा है।

बता दें कि रामनिवास रावत को 8 जुलाई सोमवार को राजभवन में कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी। शपथ लेने के बाद उन्हें विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। रावत श्योपुर की विजयपुर विधानसभा सीट से विधायक थे। उनके इस्तीफा देने के बाद ये सीट खाली हो गई है।