भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष पर महिला के साथ बलात्कार और ब्लैकमेलिंग के आरोप, महिला को नशीली दवा देकर किया था बलात्कार

सोनू श्रीवास्तव नामक व्यक्ति ने जबलपुर में महिला के साथ नशे में बलात्कार किया, इसके बाद आरोपी ने महिला के आपतिजनक फोटो और वीडियो बना लिया, लगभग डेढ़ साल से आरोपी महिला को ब्लैकमेल कर उससे दस लाख रुपए मांग रहा था

Updated: Mar 30, 2021, 03:05 AM IST

Photo Courtesy: The Telegraph
Photo Courtesy: The Telegraph

भोपाल/जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में एक महिला और उसके पति ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष के विरुद्ध दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप दर्ज कराया है। भाजुमो के मंडल अध्यक्ष सोनू श्रीवास्तव पर महिला के साथ नशे में बलात्कार और महिला के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना कर उसे ब्लैकमेल करने का आरोप है। 

2019 में आरोपी ने महिला के साथ बलात्कार किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी का अमूमन महिला के घर आना जाना लगा रहता था। महिला का पति सरकार नौकरी में लिहाज़ा वो शहर के बाहर रहता है। एक दिन महिला जब घर में अकेली थी, तब आरोपी महिला के घर पहुंचा था। महिला उसके लिए पहले शर्बत लेकर आई। आरोपी ने महिला को पानी लेकर आने के लिए कहा। इस बीच आरोपी ने महिला की शर्बत में नशीली पदार्थ मिला दी। 

महिला शर्बत पीते ही बदहवास हो गई। इसी दौरान आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने महिला की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो अपने फोन में रिकॉर्ड कर लिए। इसके बाद आरोपी लगातार महिला को ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी महिला की तस्वीरें और वीडियो न भेजने की एवज में दस लाख रुपए मांग रहा था। आरोपी की लगातार ब्लैकमेलिंग के कारण महिला पिछले साल सितंबर महीने में अपने पति के पास रहने चली गई। 

लेकिन आरोपी ने तब भी महिला को ब्लैकमेल करना नहीं छोड़ा। आरोपी महिला को वापस जबलपुर आने के लिए कह रहा था। एक दिन आरोपी ने महिला के पति को तस्वीर और वीडियो भेज दिए। इसके बाद पति ने जब महिला से पूछा तो महिला ने आपबीती सुनाई। इसके बाद दोनों ने जबलपुर आकर आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है। 

आरोपी सोनू श्रीवास्तव के भाजपा के कई नेताओं के साथ संपर्क बताया जा रहा है। भाजपा के नेताओं से आरोपी की करीबी का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि भाजपा के नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर ने आरोपी व्यक्ति की अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई है। फिलहाल 31 मार्च को सेशंस कोर्ट में सुनवाई होनी है।