कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व राज्यपाल अज़ीज़ कुरैशी का निधन, 83 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

भोपाल के अपोलो अस्पताल में हुआ निधन, 24 अप्रैल 1941 को भोपाल में जन्मे अज़ीज़ कुरैशी उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश एवं मिजोरम के राज्यपाल रहे

Updated: Mar 01, 2024, 03:37 PM IST

भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजीज कुरैशी का निधन हो गया है। पूर्व राज्यपाल कुरैशी ने शुकवार को 83 साल की उम्र में भोपाल के अपोलो अस्पताल में अंतिम सांस ली। कुरैशी के निधन से सियासी गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। कांग्रेस नेताओं ने कुरैशी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उनके निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट किया, 'कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व गवर्नर, डॉ अज़ीज़ कुरैशी साहब जी के निधन से मैं दुखी हूँ। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने कई महत्त्वपूर्ण पदों पर जनता व देश की सेवा कर, अपना कर्त्तव्य निभाया। वे मध्य प्रदेश में विभिन्न मंत्री पदों पर रहे व सांसद एवं तीन राज्यों — उत्तराखंड मिरोज़म और उत्तर प्रदेश के गवर्नर भी रहे। वे भारतीय युवा कांग्रेस के संस्थापक सदस्य भी थे।उनके परिवार, परिजनों व समर्थकों को मेरी गहरी संवेदनाएँ।'

कुरैशी के निधन की सूचना मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अपोलो अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां कुरैशी के परिजनों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त की। बताया जा रहा है कि कुरैशी पिछले कई महीनों से बीमार चल रहे थे। हाल ही में तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ने एडमिट कराया गया था। इससे पहले कई महीने गुरूग्राम के मेदांता अस्पताल में भी उनका इलाज चला था।

और पढ़े: दफ्तर दरबारी: मोहन राज में लौट रही है प्रमोटी रिटायर्ड आईएएस की रंगत

24 अप्रैल 1941 को भोपाल में जन्मे अज़ीज़ कुरैशी उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश एवं मिजोरम के राज्यपाल रहे। वह 2015 में कुछ महीनों के लिए मिजोरम के 15वें राज्यपाल नियुक्त किए गए थे। इसके अलावा, उन्होंने 2012 से 2015 तक उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में कार्य किया और 2014 में एक महीने के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश का राज्यपाल (अतिरिक्त प्रभार) भी दिया गया था।

अज़ीज़ कुरैशी को 24 जनवरी 2020 को मध्य प्रदेश की तत्कालीन कमलनाथ सरकार ने मध्य प्रदेश उर्दू अकादमी का अध्यक्ष नियुक्त किया था। अजीज कुरैशी सन् 1973 में मध्य प्रदेश में कैबिनेट मंत्री रहे और बाद में 1984 में मध्य प्रदेश के सतना निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुने गए।