Bhopal Rape Case : प्यारे मियां अब भी फरार SIT गठित

Bhopal Crime : रातीबड़ की पांच लड़कियों के साथ दुष्कर्म मामले में स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम खोलेगी सारे राज

Publish: Jul 15, 2020, 04:21 AM IST

भोपाल। रातीबड़ की  पांच नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म मामले में स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम गठित कर दी गई है। लड़कियों के साथ हुए दुष्कर्म में कितने लोग शामिल हैं, इसकी जांच करने के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। एसआईटी अब पूरे मामले की विस्तृत जांच करेगी। 

प्यारे मियां अब भी फरार, पुलिस तलाशी में जुटी 
रातीबड़ की लड़कियों के साथ पार्टी करने के नाम पर दुष्कर्म करने वाला प्यारे मियां मामले का खुलासा होने के बाद से ही फरार चल रहा है।पुलिस ने उसके इस कुकर्म में साथ देने वाली महिला दलाल स्वीटी शर्मा को अपनी हिरासत में ले रखा है। प्यारे मियां भोपाल के अखबार अफकार का   मालिक है। प्यारे मियां के खिलाफ पांच लड़कियों ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया हुआ है।कल दोपहर स्थानीय प्रशासन ने प्यारे मियां के मैरिज हॉल को भी ढहा दिया था। इसके बाद प्यारे मियां को ढूंढने निकली कमला नगर थाने की पुलिस सोमवार देर रात सीहोर के आष्टा पहुँच गई। वहां पर प्यारे मियां के तीन समर्थक आष्टा पुलिस के हत्थे चढ़ गए। जिसके बाद भोपाल पुलिस उन तीनों युवकों को किसी नज़दीकी कब्रिस्तान में छिपाई गई प्यारे मियां की कार से लेकर भोपाल पहुंची। पुलिस की गिरफ्त में आए तीन युवकों में से एक प्यारे मियां का ड्राइवर अनस भी है। पुलिस फिलहाल तीनों से पूछताछ कर रही है। 

इसके बाद आज दोपहर पुलिस को राजधानी के अपर लेक पर एक और गाड़ी मिली है। श्यामला हिल्स थाने की पुलिस को मिली यह लावारिस ऑडी प्यारे मियां की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि प्यारे मियां अपनी गाड़ी को लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया था। प्यारे मियां अब तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। ज्ञात हो कि भोपाल पुलिस ने प्यारे मियां के ऊपर 30 हज़ार रुपए की ईनामी राशि तय की है। 
  
क्या है मामला ?

रविवार को राजधानी में पांच लड़कियों के साथ बलात्कार होने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। पांच लड़कियों में से चार लड़कियां नाबालिग हैं और एक बालिग है। पुलिस का कहना है कि ये पांच लड़कियां रातीबड़ थाना क्षेत्र में शराब के नशे में घूमती हुई मिली थीं। जिसके बाद पुलिस ने पांचों लड़कियों से पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।लड़कियों ने पुलिस को बताया कि वे राजधानी के शाहपुरा के एक फ्लैट से पार्टी करके आ रही थीं और इन्हीं में से एक लड़की का उसी फ्लैट पर रेप भी किया गया।लड़कियों ने पुलिस को बताया है कि पार्टियों में इनको बुलाया जाता था और वहां पर इनके साथ रेप किया जाता था। इस मामले में लड़कियों का कहना है कि अफकार अखबार का मालिक प्यारे मियां इनको पार्टी में बुलाता था। और उनके साथ दुष्कर्म किया करता था।