कुएं में पड़े मिले पिता और दो बेटों के शव, पारिवारिक रंजिश के चलते हत्या की आशंका

रतलाम जिले के देवरुंडा गांव का मामल, लक्ष्मण भाभर और उनके दो नाबालिग बेटों का शव कुएं में पड़ा हुआ मिला, तीनों की हत्या की वजह जमीन को लेकर जारी पारिवारिक कलह को बताया जा रहा है

Publish: Nov 08, 2021, 07:31 AM IST

Photo Courtesy: Dainik Bhaskar
Photo Courtesy: Dainik Bhaskar

रतलाम। रतलाम में एक ट्रिपल मर्डर केस सामने आया है। जहां कुएं में पिता और उसके दो बेटों के शव कुएं में पड़े हुए मिले हैं। दोनों ही बेटे नाबालिग थे। पुलिस इस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है। शुरुआती तौर पर जमीन को लेकर हुए पारिवारिक विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है। 

सोमवार सुबह रतलाम के देवरुंडा गांव के पास एक कुएं में तीन शव मिले। इन शवों को रस्सी में बांधकर कुएं में फेंका गया था। इन शवों की पहचान देवरुंडा निवासी 35 वर्षीय लक्ष्मण भाभर, आठ वर्षीय पुष्कर और तेरह वर्षीय विशाल के तौर पर हुई। ये तीनों रविवार से ही गायब थे। गांव वालों द्वारा सूचित किए जाने के बाद पुलिस रविवार रात से ही इन तीनों की तलाश कर रही थी। 

फिलहाल पुलिस इस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है। लेकिन शुरुआती तौर पर यह मामला पारिवारिक कलह का बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जमीन को लेकर चल रहे विवाद के चलते ही पारिवारिक सदस्यों ने ही इन तीनों की हत्या की है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल ही में मृतक लक्ष्मण भाभर का उनके पारिवारिक सदस्यों के साथ जमीन का बंटवारा हुआ था। जिसके बाद से ही लक्ष्मण का अपने चाचा के साथ विवाद चल रहा था। इसके साथ ही पुलिस के हाथ यह जानकारी भी लगी है कि मृतक का अपने पड़ोसियों के साथ भी एक कुएं को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस इन सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और मामले की हकीकत पता लगाने में जुटी हुई है।