रोज 24KM चलना कोई इवेंट नहीं, मोदी-शाह चलकर दिखाएं, जयराम रमेश ने दी चुनौती
कॉमन सिविल कोड के सवाल पर जयराम रमेश ने कहा कि बीजेपी के लोग चुनाव के वक्त ऐसा मुद्दा उठाते हैं, जो ध्रुवीकरण को बढ़ावा देता है।

आगर। भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश के आगर जिले में पहुंच चुकी है। आगर के लोगों ने शुक्रवार सुबह राहुल गांधी और भारत यात्रियों का भव्य स्वागत किया। दोपहर पड़ाव के दौरान कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने पीएम मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि वे 24 किलोमीटर चलकर दिखाएं।
आगर में दोपहर पड़ाव के दौरान कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश और रिटायर्ड विंग कमांडर अनुमा आचार्य और स्थानीय विधायक विपिन वानखेड़े ने प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान बीजेपी के यात्रा को इवेंट बताने के सवाल पर जयराम रमेश ने कहा कि, 'भारत जोड़ो मोमेंट है, इवेंट नहीं। साल 2017 में आडवाणी से गांधीनगर में पत्रकारों ने पूछा था कि क्या नरेंद्र मोदी आपके चेले हैं? उन्होंने इसके जवाब में कहा था नरेंद्र मोदी मेरे चेले नहीं हैं, लेकिन वो दुनिया के बहुत अच्छे इवेंट मैनेजर है। इवेंट मैनेजमेंट में उनका कोई मुकाबला नहीं। जो स्वयं इवेंट मैनेज करते हैं, वो अब हम पर इल्जाम लगा रहे हैं।'
LIVE: Press briefing by Shri @Jairam_Ramesh and @AnumaVidisha Ji in Madhya Pradesh. #BharatJodoYatrahttps://t.co/4pxse3yvaC
— MP Congress (@INCMP) December 2, 2022
जयराम रमेश ने आगे कहा कि, 'ये राजनीतिक परिवर्तनकारी क्षण है, इवेंट नहीं है। इवेंट कभी 140 दिन के लिए नहीं चलता। 12 राज्यों में रोज 24 किमी चलना कोई इवेंट नहीं है। मोदी चलकर दिखाएं, अमित शाह चलकर दिखाएं।' जयराम ने स्वरा भास्कर के यात्रा में शामिल होने पर कहा- यात्रा में रोज कोई न कोई जुड़ रहा है। आरएसएस के लोग भी जुड़ रहे हैं। लोग आते हैं। सबका स्वागत है। आज पहली बार पूर्व सैनिक भी आए हैं।
मीडिया को संबोधित करते हुए रिटायर्ड विंग कमांडर अनुमा आचार्य ने कहा कि देश में जो अमीरी-गरीबी के बीच का अंतर बढ़ा है, नफरतें फैली हैं, संस्थाओं का निजी सेक्टर में दखल बढ़ा है। हमारी यात्रा इनके खिलाफ है। इस सरकार ने वन रैंक, वन पेंशन को लागू नहीं किया। हम वेड्रंस के साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है। जब चुनाव होता है तभी पुलवामा होता है, तभी हमारे सैनिक ठिकानों पर लगातार हमले होते हैं। ये संयोग है या घटना?
यह भी पढ़ें: स्वतंत्रता सेनानी के पोते ने अपने रक्त से बनाई राहुल गांधी की तस्वीर, पेंटिंग लेकर भारत जोड़ो यात्रा में पहुंचा
अनुमा आचार्य ने आगे कहा कि, 'बीजेपी ने जैसे अपना छद्म राष्ट्रवाद चलाकर देशभक्ति की फ्रेंचाइजी लेने की कोशिश की है वो अपने आप में बहुत गलत तरीका है। हमने 1947 से 2015 तक हमने 1500 जहाज खरीदे। उसके बाद हमने सिर्फ 36 रफेल खरीदे। हम कैसे दुश्मन सेना का सामना करेंगे?'
अग्निवीर योजना को लेकर अनुमा ने कहा कि यह योजना छल है। इसमें अपने लोगों की भर्ती करने का प्लान है। जैसे हिटलर ने एसएस आर्मी को बनाया था। अपने ही लोगों को एंट्री दी थी। ये उस तरह की कहानी है। इससे सेना का तो नुकसान है ही, लाखों युवाओं का भी नुकसान है। क्योंकि सेना जिसको ट्रेंड करेगी वो बाहर निकल जाएगा। और युवाओं का नुकसान है कि वो किसी योग्य नहीं रहेंगे। उनको पूर्व सैनिक जैसा सम्मान नहीं मिलेगा।
इस दौरान विधायक विपिन वानखेड़े ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने किसानों के हक में काम किया। भाजपा की सरकार ने वो हक छीना। हर आदमी अपने आप को ठगा महसूस कर रहा है। अब समय आ गया है। जनता इन्हें सत्ता से बाहर करेगी।