भोपाल में बंधक बनाकर महिला से दुष्कर्म, दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

पीड़ित महिला के मोहल्ले में रहते हैं आरोपी, पहले एक युवक ने डरा-धमकाकर महिला के साथ दुष्कर्म किया, बाद में उसका दोस्त भी ब्लैकमेल कर ज्यादती करने लगा।

Updated: Feb 29, 2024, 12:00 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में महिला अपराध की घटनाएं नहीं थम रही हैं। शहर के निशातपुरा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दो युवकों द्वारा बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि उसे कमरे में बंद कर दुष्कर्म करने के बाद युवक बदनामी का डर दिखाकर लगातार उसका शोषण कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

निशातपुरा थाना पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में रहने वाली 29 वर्षीय महिला परिवार के साथ रहती है। मोहल्ले में रहने वाले आमिर नाम के युवक का उसके घर आना-जाना था। अक्टूबर-2022 को एक दिन महिला को घर में अकेला पाकर आमिर ने कमरा बंद कर डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके बाद बदनामी का घर दिखाकर आमिर महिला का शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया था। 

इस बात का पता आमिर के दोस्त जुनैद को चला, तो पहले उसने महिला से फोन पर बात करना शुरू की। इसके बाद आमिर और उसके संबंध के बारे में सबको बता देने की धमकी देकर जुनैद ने भी महिला के साथ ज्यादती करना शुरू कर दी थी। परेशान होकर महिला ने मंगलवार को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।