सतना में जादू टोना के शक में महिला की हत्या, खूनी संघर्ष में चली गई महिला की जान

रामरती साकेत और कालका साकेत पर गांव के ही कुछ लोगों ने जादू टोना करने का आरोप लगाया, जिसके बाद रामरती साकेत और आरोप लगाने वाले परिवार के बीच खूनी संघर्ष शुरू हो गया, संघर्ष में रामरती साकेत की मौके पर ही मौत हो गई

Updated: Jul 04, 2021, 06:52 AM IST

सतना। सतना में जादू टोना के शक में एक महिला की हत्या कर दी गई। ताला थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुकुंदपुर गांव में शनिवार देर रात दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। संघर्ष का कारण गांव की दो महिलाओं रामरती साकेत और कालका साकेत पर जादू टोना का शक बना। अंधविश्वास के चलते गांव के ही रहने वाले दो गुटों के बीच संघर्ष शुरू हो गया। जिसमें रामरती साकेत की मौके पर ही मौत हो गई। 

दरअसल मुकुंदपुर गांव के रहने वाले भूरा साकेत और उसके तीन रिश्तेदारों ने रामरती और कालका पर जादू टोना का आरोप लगाया। इसके बाद यह चारों रामरती और कलावती के घर पहुंचे। वहां पर रामरती और कालका के परिवार और आरोप लगाने वाले परिवार के बीच खूनी संघर्ष शुरू हो गया। दोनों ही तरफ से लाठी डंडे और धारदार हथियारों से हमले शुरू हो गए। 

खूनी संघर्ष में रामरती बुरी तरह से घायल हो गई। जिसके चलते रामरती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और चार लोगों को अमरपाटन अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में भर्ती चारों घायल मृतक रामरती के आरोपी हैं, जिनका इलाज हो जाने के बाद पुलिस उन्हें गिरफ्तार करेगी।