MP के स्कूलों में अनिवार्य होगी योग शिक्षा, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सीएम शिवराज का ऐलान

हींग लगे, न फिटकरी और रंग चोखा आए, यही योग का मूलमंत्र है। योग किसी व्यक्ति मात्र के लिए नहीं, संपूर्ण मानवता के लिए है, जबलपुर में बोले उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

Updated: Jun 21, 2023, 11:32 AM IST

जबलपुर। दुनियाभर में आज योग दिवस मनाया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। जबलपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल समेत कई मंत्री शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि, 'योग जीरो बजट वाला हेल्थ इंश्योरेंस है। हींग लगे ना फिटकरी और रंग चोखा आए, यही योग का मूलमंत्र है। यह किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए है।योग एक दिन का नहीं, हर दिन का है।' राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने कहा कि आजकल के बच्चे पिज्जा के साथ कोल्ड ड्रिंक पीते हैं। तैलीय पदार्थ और तीखे भोजन से जितना दूर रहें, स्वास्थ्य के लिए उतना ही अच्छा है। योग के साथ सात्विक भोजन भी आवश्यक है।

इस दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, 'निरोग रहने के लिए योग करें। यह योग केवल योग दिवस के दिन नहीं करना, बल्कि रोजाना करना है। स्वस्थ रहना भी देश की सबसे बड़ी सेवा है। अस्पतालों में भीड़ क्यों लगाएं। योग करें, स्वस्थ रहें, मस्त रहें। योग जोड़ता है। योग स्वस्थ रहने के लिए है। यह कोई संकीर्ण दृष्टि नहीं है। आज यह दुनिया के 180 देशों में हो रहा है। योग का किसी पंथ से भी संबंध नहीं है, योग विश्व कल्याण के लिए है।' CM ने इस दौरान घोषणा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के विद्यालयों में योग की शिक्षा अनिवार्य की जाएगी।

प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में इस मौके पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भोपाल में नई जेल में योग किया। वहीं, राजधानी के अटल पथ पर आयोजित कार्यक्रम में भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर शामिल हुईं।